चौथा दिन भी रहा लंका के नाम
अहमदाबाद. दिन का खेल ख़तम होने तक भारत ने दो विकेट के नुक्सान पर 190 रन बना लिए थे। भारत अभी श्रीलंका के 334 रनों की विशाल बढ़त से 144 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक गौतम गंभीर 74 और नाईट वाचमैन अमित मिश्रा 2 रन पर खेल रहे थे।
पहली पारी के शतकवीर राहुल द्रविड़ 38 रन बनाकर वेलेगेदरा का शिकार हुए। धैर्यपूर्वक खेलते हुए गौतम गंभीर ने करियर का ग्यारवां अर्धशतक पूरा किया। वीरेंद्र सहवाग ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें हेराथ ने आउट किया।
मैच का चौथा दिन भारत के लिए संघर्षपूर्ण रहा। चौथे दिन भी श्रीलंकाई बल्लेबाजों का बोलबाला रहा। इससे पहले श्रीलंका ने सात विकेट के नुकसान पर 760 का विशाल स्कोर बनाया। ये स्कोर किसी भी टीम द्वारा भारत में बनाया गया उच्चतम स्कोर है।
चौथा दिन
पहला सत्र
तीसरे दिन के 591 पर 5 के स्कोर से शुरु करते हुए श्रीलंका ने अपने रनों की गति पर कोई ब्रेक नहीं लगने दिया। लंका ने इस सत्र में भी कोई विकेट नहीं खोया। सत्र खत्म होने तक श्रीलंका अपनी बढ़त 250 से ऊपर कर चुका था।
स्कोर: श्रीलंका 708/5, महेला जयवर्धने 267, प्रसन्ना जयवर्धने 143
दूसरा सत्र
इस सत्र में भारत को महेला जयवर्धने और प्रसाद के रूप में दो सफलताएं मिलीं। श्रीलंका ने 334 रनों की विशाल बढ़त लेकर पारी 760 रन पर घोषित कर दी। मैच बचाने उतरे भारत की शुरुआत अच्छी रही और भारत ने कोई विकेट नहीं गंवाया।
स्कोर: श्रीलंका 760/7 घोषित, भारत 77/0, गंभीर 22, सहवाग 28
अंतिम सत्र
भारत ने आखिरी सत्र में जल्दबाज़ी में द्रविड़ और सहवाग के विकेट खो दिए। सहवाग ने तेज़ खेलते हुए अर्धशतक तो जमाया पर हमेशा की तरह पारी को आगे नहीं बढ़ा पाए और 51 रन पर पौवेलियन लौट गए। उनके बाद क्रिज़ पर आए द्रविड़ भी कुछ ख़ास नहीं कर सके और 38 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत श्रीलंका से 144 रन पीछे था।
स्कोर: श्रीलंका 760/7 घोषित, भारत 190/2, गंभीर 74, मिश्रा 12
तीसरा दिन
इससे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन श्रीलंका ने 165 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त लेते हुए पांच विकेट खोकर 591 रन बनाए। मैच का तीसरा दिन श्रीलंका के नाम रहा। तीसरे दिन का मुख्य आकर्षण श्रीलंका के महेला जयवर्धने का दोहरा शतक रहा।
जयवर्धने ने 60 की औसत से 339 गेंदों का सामना करते हुए अपना दोहरा शतक लगाया। अपनी इस शानदार पारी में जयवर्धने ने 17 चोक्के और एक छक्का लगाया। जयवर्धने का ये छठवां दोहरा शतक है। प्रसन्ना जयवर्धने ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। श्रीलंकाई बल्लेबाज़ी के समक्ष भारतीय गेंदबाज़ बेअसर नज़र आए।
स्कोर: श्रीलंका 591 जयवर्धने 204, प्रसन्ना 84
दूसरा दिन
इससे पहले भारत के पहली पारी में बनाए 426 रन के जवाब में श्रीलंका ने दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 275 रन बनाए। भारत-श्रीलंका टेस्ट श्रृंखला के पहले मैच के दूसरे दिन भारत एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में विफल रहा। राहुल द्रविड़ अपने पहले दिन के स्कोर 177 रन पर ही वेलेगेदरा का शिकार हो गए।
पहला दिन
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज़ के पहले मैच के पहले दिन भारत ने ख़राब शुरुआत के बाद पूर्व कप्तान द्रविड़ और कप्तान धोनी के शतकों की मदद से 385 रन का स्कोर बनाया। अपने करियर का 27 वां शतक लगाने वाले द्रविड़ ने टेस्ट मैचों में ग्यारह हज़ार रन पूरे किये। पहले दिन का खेल ख़तम होने तक भारत ने 6 विकेट के नुक्सान पर 385 रन बनाए थे।
श्रीलंका की ओर से वेलेगेदरा ने तीन, प्रसाद ने दो और मुरलीधरन ने एक विकेट झटके। भारत की ओर से युवराज सिंह ने 68 और कप्तान धोनी ने 110 रनों का योगदान दिया। इससे पहले गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्षमण और विरेंद्र सहवाग सस्ते में आउट हो गए थे।
स्कोर: भारत 385/6, द्रविड़ 177, हरभजन 2










