रियलिटी शो में शाहिद और रितेश
मुंबई. क्या आपने कभी शाहिद और रितेश को गाना गाते सुना है अगर नहीं तो फिर अब आप उन्हे टीवी पर गाना गाते देख और सुन सकते हैं। जल्द ही ये सितारे टीवी पर अपनी मधुर आवाज में गाना गाते सुनाई और दिखाई देंगे। जी हां, अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही आप शाहिद और रितेश को एक साथ रियलिटी शो में देखेंगे। खबर है कि दोनों सितारों से स्टार प्लस पर आने वाले एक नए म्यूजिकल रियलिटी शो के लिए संपर्क किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि दोनों अभिनेताओं ने इस शो के लिए अपनी हामी भर दी है। इस शो की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस शो का फॉर्मेट कैसा होगा। खैर जो भी हो लेकिन लोग ये देखने के लिए उत्साहित है कि उनके हीरो गाना गाने में भी हीरो हैं या नहीं।
रितेश देशमुख का कहना है कि वो इस शो को लेकर उत्साहित होने के साथ ही थोड़े नर्वस भी हैं। उनके मुताबिक फिल्म में काम करना और किसी रियलिटी शो में परफॉर्म करना दोनों अलग -अलग है। रितेश का कहना है कि रियलिटी शो फिल्म से कहीं टफ है क्योंकि इसमें आपको ऐक्टिंग नहीं करनी है। आप जो हैं वही आपको सबके सामने दिखाना है।










