Friday, Nov 20th, 2009, 12:38 pm [IST]
प्ले ब्वॉय के कवर पेज पर सिम्पसन
BBC Hindi

कई सालों से दुनिया भर में प्रसिद्ध अमरीकी कार्टून सीरियल द सिम्पसन्स की नायिका मार्ज सिम्पसन अब प्ले-ब्वॉय मैगज़ीन के कवर पेज पर नज़र आएंगी.
वयस्कों में चर्चित सेक्स मैगज़ीन के इतिहास में पहली बार किसी युवा अर्धनग्न सुंदरी की बजाय एक कार्टून चरित्र को कवर पर जगह दी जा रही है.
नवंबर महीने के अंक में तीन बच्चों की माँ मार्ज एक ख़ास मुद्रा में प्ले-ब्वॉय के बनी या खरगोश प्रतीक चिन्ह के साथ बैठी नज़र आएंगी.
मज़ेदार बात ये है कि इसी साल द सिम्पसन्स कार्टून सीरियल के 20 साल पूरे हो रहे हैं.
मार्ज को इस मैगज़ीन के कवर पेज पर इस कोशिश में छापा जा रहा है ताकि द सिम्पसन्स देखने वाली युवा पीढ़ी को आकर्षित किया जा सके
प्ले-ब्वॉय की प्रवक्ता थेरेसा हैनेसी ने कहा "हम जानते हैं कि ये बीस वर्ष के वर्ग वाले युवाओं को ज़रूर आकर्षित करेगी"
हालांकि मैगज़ीन के एक संपादक जेम्स जैलीनेक का कहना है कि अभी तक ये नहीं पता चला है कि मैगज़ीन के अंदर के पन्नों पर मार्ज कितनी नग्न दिखाई जाएगी, लेकिन ये बहुत ही दिल धड़काने वाला अंक है.
संपादक के अनुसार मार्ज एक बहुत ही आकर्षक कार्टून चरित्र है
प्ले-ब्वॉय के इस नए अंक की बिक्री अमरीका में 16 अक्तूबर से शुरू होगी. हालांकि मैगज़ीन के नियमित ग्राहकों के अंक पर पारंपरिक और असली मॉडल की तस्वीर ही छपी होगी.
कहा जाता है कि प्ले-ब्वॉय मैगज़ीन के मालिक ह्यूज हैफनर द सिम्पसन्स के बहुत बड़े फैन हैं.
मज़े की बात ये है कि 90 के दशक में एक बार द सिम्पसन्स के एक अंक में उनके ही कार्टून चरित्र को शामिल किया गया था.












