अब आई जान में जान
मनाली/केलांग. करीब एक हफ्ते तक बर्फ में फंसे कबायली जिले लाहौल-स्पीति के लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए वीरवार को हवाई उड़ानें शुरू हो गई। वीरवार को सेना के दो छोटे हेलीकॉप्टर और एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर ने कबायली क्षेत्र के लिए सात उड़ानें भरी।
इसमें 25 के करीब लोग मनाली से लाहौल और 30 से अधिक लोग कबायली क्षेत्र लाहौल-स्पीति से मनाली पहुंचे। वीरवार को हुई इन उड़ानों में कबायली क्षेत्र में एसडीएम का कार्यभार संभालने जा रहे वीरेंद्र शर्मा सहित केलांग अस्पताल के 3 डॉक्टर भी मनाली से केलांग पहुंचे। हालांकि सरकार ने वीरवार को लाहौल के लिए बड़ा हेलीकॉप्टर भेजने की व्यवस्था की थी, लेकिन किसी कारण यह मनाली नहीं पहुंच सका।
इस कारण सेना ने अपने छोटे हेलीकॉप्टरों के साथ वीरवार को उड़ानें शुरू की। सरकार की ओर से उपलब्ध करवाया जा रहा बड़ा हेलीकॉप्टर शिमला पहुंच गया है जो शुक्रवार को मनाली से लाहौल की तीन जगहों उदयपुर, स्टिंगरी और डाईट के लिए उड़ान भरेगा।
उधर, बड़े हेलीकॉप्टर की आस में सैकड़ों लोग वीरवार को 3 बजे तक लाहौल क्षेत्र के विभिन्न हेलीपैड्स पर हेलीकॉप्टरों का इंतजार करते रहे, लेकिन उनके हाथ मायूसी ही लगी। रोहतांग में बर्फबारी के चलते 300 के करीब लोग लाहौल-स्पीति से मनाली और करीब 500 लोग मनाली से लाहौल जाने के इंतजार में बैठे हैं।
उड़ानों की व्यवस्था देख रहे एसडीएम मनाली राजेश्वर गोयल ने कहा कि लाहौल जाने वाले यात्री मनाली में और मनाली की ओर आने वाले यात्री केलांग में आवेदन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने लाहौल के लिए एक 20 सीटर हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर ली है जो शुक्रवार से उड़ाने भरेगा।
उधर, सासे के ब्रिगेडियर एसएम लालजी ने बताया कि सेना ने लाहौल जाने वाले हेलीकॉप्टर के लिए ईंधन का इंतजाम सासे हेलीपैड मनाली पर ही कर दिया है ताकि हेलीकॉप्टर को ईंधन भरने के लिए भुंतर न जाना पड़े। लाहौल-स्पीति के कई गांवों में 5 दिन बाद विद्युत व्यवस्था बहाल हुई। कुछ गांवों में एक हफ्ते का समय लग सकता है।
सुरक्षित धर्मशाला पहुंचे 6 अधिकारी
लाहौल—स्पीति में चिनाब घाटी जल विद्युत परियोजना का निरीक्षण करने गए विद्युत परिषद के 6 अधिकारियों और 2 चालकों को प्रशासन ने वीरवार को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाल लिया। यह निरीक्षण दल 9 नवंबर को लाहौल—स्पीति पहुंचा था, लेकिन बर्फबारी के कारण दल के सदस्य फंस गए थे।
निरीक्षण दल में शामिल विद्युत परिषद के अधिकारी और चालक केलांग के पास कारगाह में विद्युत बोर्ड के विश्राम गृह में रुके थे। वीरवार दोपहर मौसम साफ होते ही हेलीकॉप्टर भुंतर हवाई अड्डे से केलांग के लिए रवाना हुआ। दल में शामिल विद्युत परिषद के अधिकारी ओपी शर्मा को धर्मशाला पुलिस मैदान में, देशराज शर्मा और एमएल शर्मा को सुंदरनगर में उतारा गया।










