शैक्षणिक सामग्री के लिए छात्रों की राय लेगा इग्नू
शिमला. इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) की शैक्षणिक सामग्री अब संस्थान से पढ़ चुके और पढ़ रहे छात्रों की राय के आधार पर तैयार की जाएगी। इस राय के आधार पर प्रोफेशनल कोर्स की रूपरेखा तय की जाएगी।
इसके लिए इग्नू एक सर्वे करने जा रहा है जिसके तहत संस्थान से जुड़े करीब 8 हजार छात्रों से शैक्षणिक सामाग्री को लेकर राय मांगी जाएगी। इग्नू सिल्वर जुबली वर्ष पर यूनिवर्सिटी के उप कुलपति वीएन राजाशेखरन ने स्टूडेंट्स को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्टूडेंट सेटिसफेक्शन सर्वे करवाने की घोषणा की थी।
सर्वे के दौरान स्टूडेंट्स से पूछा जाएगा कि जो किताबें और नोट्स इग्नू की ओर से परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिए जाते हैं, क्या वे पर्याप्त है? क्या इनमें दी गई चीजें स्पष्ट और आसान हैं? इसके अलावा अनुपूरक सामाग्री जैसे वीडियो, ऑडियो और इग्नू सेंर्ट्स में कार्यरत स्टॉफ की परफॉर्मेस का भी सर्वे किया जाएगा। हर जिले में स्थित स्ट्डी सेंटर के माध्यम से यह सर्वे किया जाएगा जिसके लिए इन सेंर्ट्स को जल्द ही इसका प्रारूप भेजा जाएगा। स्टूडेंट्स से राय लेने के बाद इसकी एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी जिसे मुख्य केंद्र दिल्ली को सौंपा जाएगा।
प्रदेश में इस सर्वे के लिए तैयारियां की जा रही है और जल्द ही सभी केंद्रों से यह सर्वे शुरू किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में चल रहे स्ट्डी सेंटर्स को इसका जिम्मा सौंपा जाएगा।
जोगिंद्र यादव, सहायक क्षेत्रीय निदेशक इग्नू, शिमला










