छठी आईआरबी में होगी 675 कांस्टेबलों की भर्ती
शिमला. सिरमौर में प्रस्तावित छठी इंडियन रिजर्व बटालियन में कमांडेंट सहित विभिन्न श्रेणी के 1007 पद सृजित किए गए हैं। गृह विभाग 675 कांस्टेबलों और 23 सब इंस्पेक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जल्द करवाएगा।
छठी बटालियन के लिए केंद्रीय गृह विभाग के नियमों के मुताबिक 35 वाहनों का फ्लीट स्वीकृत किया गया है। गृह विभाग के प्रधान सचिव सुभाष नेगी ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। बटालियन के गठन की प्रक्रिया गृह विभाग और पुलिस हेडक्वार्टर जल्द शुरू कर देगा।
किसके कितने पद: नई बटालियन में कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट के 3 पद, डीएसपी के 7 और इंस्पेक्टरों के 7 पद सृजित किए गए हैं। मेडिकल स्टॉफ में 1 मेडिकल ऑफिसर, 2 फार्मासिस्ट और 1 नर्सिग असिस्टेंट नियुक्त किए जाएंगे, जबकि 7 मिनिस्ट्रियल कर्मी होंगे। वायरलैस स्टॉफ के भी बटालियन में 26 कर्मचारी होंगे। 15 वाटर कैरियर और 24 कुक भी बटालियन के लिए भर्ती किए जाएंगे।
कई नए वाहन
35 वाहनों की फ्लीट में 7 जीपें, 9 मिनी बसें, 10 बसें, पांच ट्रक, 3 मोटर साइकिल और एक एंबुलेंस शामिल होंगी। बटालियन का हेडक्वार्टर कहां होगा, इसका कहीं कोई जिक्र नहीं है। इसमें सिर्फ इतना बताया गया है कि सिरमौर जिले में इसके लिए जगह तलाशी जा रही है। छठी आईआरबी के हेडक्वार्टर को लेकर सिरमौर भाजपा में काफी घमासान मचा हुआ है। राज्य सरकार भी हेडक्वार्टर के चयन को लेकर असमंजस में है। इसके राजनीतिक नफे और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।










