जल प्रबंधन में सहयोग करने का प्रस्ताव
शिमला. प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के रुचि दिखाने पर इजरायल सरकार ने जल प्रंबधन और अक्षय ऊर्जा में सहयोग करने के लिए हिमाचल सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करने का प्रस्ताव रखा है।
वर्तमान में संयुक्त राज्य अमेरिका के कुछ राज्यों ने इन दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इजरायल के साथ पहले ही समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित कर रखा है। इजरायली कृषि एवं सिंचाई संबंधी गतिविधियों के अध्ययन के लिए धूमल इजरायल के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री ने दल के साथ वहां पाली हाऊस एवं सिंचाई व्यवस्था के साथ सेब के बागीचों का भी जायजा लिया।
इस संबंध में प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि जिन 9 इजरायली कंपनियों ने हिमाचल प्रदेश के दल के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिया था, उन सभी कंपनियों ने प्रदेश सरकार के साथ स्प्रिंकलर एवं टपक सिंचाई पर समन्वय स्थापित करने में रुचि दिखाई है। इजरायल वर्तमान में 3000 से 3500 फीट की ऊंचाई पर गुणात्मक सेब का उत्पादन कर रहा है और वहां सेब की उत्पादकता प्रति हैक्टेयर 40 से 50 टन है।
इजरायल के दो समुदायों किब्बूमज तथा मोशाव द्वारा सहकारिता के आधार पर 75 से 80 सेब फीसदी उत्पादन किया जा रहा है। प्रो. धूमल ने यहां की व्यवस्था से प्रेरित होकर कहा है कि प्रदेश के किसानों एवं फल उत्पादकों को लाभांवित करने के लिए इन उपायों को हिमाचल प्रदेश में भी उपयोग में लाया जाएगा। इजराइल का यह प्रयोग यदि कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सफल होता है तो हिमाचल के अधिकतर भागों में रहने वाले लोग इससे लाभांवित हो सकते हैं।










