इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में छाया चंडीगढ़
चंडीगढ़. प्रगति मैदान में चल रहा इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर वीरवार से आम लोगों के लिए खुल गया। ट्रेड फेयर 14 नवंबर को शुरू हुआ था, पहले पांच दिन यह सिर्फ व्यापारियों के लिए खुला था।
चंडीगढ़ पेवेलियन में इस बार 14 उद्यमियों ने अपने स्टाल लगाए हैं। हाल नं. 18 में अप्पर लेवल पर लगे इस पेवेलियन में रेडिमेड गारमेंट्स से लेकर हैंडीक्राफ्ट, फुलकारी सूट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, पेंटिंग्स, ऑर्गेनिक फूड प्रोडक्ट, हेल्थ प्रोडक्ट व सॉफ्ट टॉय लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
इंटरनेशनल पेवेलियन के पास होने से मिल रहा फायदा
चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल बिजनेस पार्क की झलक भी इस पेवेलियन में दिख रही है। कन्वर्शन पॉलिसी के बाद शहर में हुई तरक्की को यहां दिखाया गया है। इस वर्ष इंटरनेशनल पेवेलियन के साथ चंडीगढ़ का पेवेलियन लगा है। ग्राउंड फ्लोर पर चीन, गुजरात और फस्र्ट फ्लोर पर केंद्रीय स्टील मंत्रालय का पेवेलियन है। इंडस्ट्री विभाग की निदेशक वंदना दिसोदिया ने बताया कि चंडीगढ़ के पेवेलियन में ब्लैक, वीनस कॉपी मेन्यूफेक्चरिंग एक्सपोर्ट यूनिट का भी स्टाल है। चंडीगढ़ पेवेलियन में दैनिक भास्कर का भी स्टाल है।
यहां सिटको की होटल, पर्यटन उद्योग में उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। सिटको ने हाल ही में गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए गोल्फ टूरिज्म पैकेज की शुरुआत की है। इस स्टाल पर ली काबरूजिए की डिजाइन की गई बिल्डिंग और शहर के पर्यटन स्थलों की तस्वीरों वाले सोवेनियर्स भी बिक्री के लिए रखे गए हैं। पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विनोद कालिया के मुताबिक यह ट्रेड फेयर शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने का बढ़िया मौका है।
यहां शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों के पेम्फलेट रखे गए हैं जिनमें चंडीगढ़ घूमने के इच्छुक लोग काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यहां स्टाल लगाने वाले सुरेश गुप्ता का कहना है कि यह फेयर बिजनेस बढ़ाने का अच्छा अवसर है। कई राज्यों के लोग बिजनेस संबंधी जानकारी लेने आ रहे हैं।
वंदना दिसोदिया के मुताबिक इंटरनेशनल पेवेलियन के निकट चंडीगढ़ का पेवेलियन होने के कारण यहां के व्यापारियों को बिजनेस एक्सपोर्ट के बढ़िया अवसर मिल रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार चंडीगढ़ पेवेलियन में ट्रेड इन्क्वायरी काफी आ रही है।










