मंत्री-सीपीएस में विवाद
चंडीगढ़. हरियाणा में मंत्रिमंडल का गठन हुए एक महीना भी नहीं हुआ है और यहां मंत्रियों व मुख्य संसदीय सचिवों (सीपीएस) में विवाद शुरू हो गया है। कई मुख्य संसदीय सचिवांे ने मंत्रियों से सलाह किए बगैर अपने प्रस्तावों पर काम शुरू कर दिया है जिससे मंत्री खफा हैं।
इस कड़ी में सबसे पहले आमने-सामने हैं स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल और इसी विभाग से अटैच सीपीएस रामकिशन फौजी। फौजी के एक प्रस्ताव को भुक्कल ने उनकी व्यक्तिगत राय बताया है वहीं फौजी कहते हैं, ‘जरूरी नहीं कि हर कोई हर बात मानें।’ वे अपने प्रस्ताव को सीधे मुख्यमंत्री के पास ले जाने की बात कहते हैं।
दूसरी बार विधायक बनी भुक्कल को पहली बार कैबिनेट रैंक का मंत्री बनाया गया है। मुख्यमत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे महकमें देकर उन पर भरोसा जताया है। लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए फौजी को पहली मर्तबा सीपीएस बनकर झंडी लगी कार में बैठने का मौका मिला है। हरियाणा विकास पार्टी से पुराने रिश्तों के चलते उन्हें किरण चौधरी का खास माना जाता है लेकिन अब वह मुख्यमंत्री की टीम में है।
उन्होंने कुर्सी पर बैठते ही कई महत्वपूर्ण योजनाएं बनाकर काम शुरू कर दिया है। सबसे पहले उन्होंने अस्पतालों में सीसी कैमरे लगाने की योजना बनाई। उनका कहना था कि डॉक्टरों के काम में पारदर्शिता लाने के लिए ऐसा किया जाएगा क्योंकि ओपीडी में आने वाले लोग अक्सर इलाज में कोताही बरतने की शिकायत करते हैं। जब फौजी की इस योजना के बारे में स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल से पूछा गया तो उन्होंने इसे फौजी की व्यक्तिगत राय कहकर नकार दिया।
ये भी है स्थिति : नियमानुसार सीपीएस सीधे कोई फाइल नहीं भेज सकता। मंत्री से मंजूरी के बाद ही फाइल आगे जाती है। अगर फौजी की योजना वाली फाइल अटकी तो मामला सीएम दरबार में जाना तय है।
मंत्री बोलीं- कोई योजना नहीं
डॉक्टरों पर सीसी कैमरे से नजर रखने की योजना है?
अभी तक सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।
भविष्य में कोई प्रस्ताव?
भविष्य में भी सरकार ऐसा नहीं करने जा रही।
फौजी कैमरे लगाने की बात कह रहे हैं?
यह उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है।
आप ऐसा क्यों नहीं करना चाहती?
डॉक्टरों की ओर से मरीजों का किया जाने वाला इलाज को कैमरे में कैसे कैद किया जा सकता है। अगर करेंगे तो डॉक्टर कोर्ट में जा सकते हैं। सरकार विवादित काम क्यों करे?
प्रस्ताव सीएम को दूंगा : फौजी
ओपीडी वगैरह में आपकी सीसी कैमरे लगाने की योजना कब शुरू हो रही है?
जल्द ही लागू कर देंगे। प्लान तैयार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल इसे नकार रही हैं?
जरूरी नहीं कि हर कोई हर बात मानें। या हर किसी को हर बात पसंद आए। यह योजना अच्छी हैं। पुलिस के एक अधिकारी को भी मेरी यह योजना पसंद आई है और वह भी इसे अमल में लाने के बारे में सोच रहे हैं।
अगर स्वास्थ्य मंत्री नहीं मानीं तो?
मैं अपना प्रस्ताव मुख्यमंत्री को दूंगा। आखिर करने वाले तो वही हैं। योजना जरूर लागू होगी।










