ठेकेदार ने पत्नी व चार बच्चों की हत्या कर फांसी लगाई
सागर. मकरोनिया में आनंद नगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ठेकेदार ने पहले पत्नी व चार बच्चों की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की ली। इस घटना को आर्थिक तंगी से जोड़ा जा रहा है।
आनंद नगर में गली नंबर एक में निर्माणाधीन मकान में रहने वाले ठेकेदार संतोष पाठक 47 साल ने बुधवार की रात बरामदे में छत से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इससे पहले उन्होंने बेडरूम में सो रही पत्नी लक्ष्मी उर्फ ज्योति (45), पुत्र सन्नी देवदूत (20), पुत्री हर्षिता (16), प्रेसी (11) और छोटा पुत्र हर्ष (10) की कुल्हाड़ी और राड से हमला कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। पांचों शव बेडरूम में पलंग पर खून से लथपथ पड़े गुरुवार सुबह लोगों ने देखे ।
घटना सबसे पहले पड़ोस में रहने वाले युवक इंद्रदेव सिंह ने छत से देखी। वे सुबह छत पर धूप सेंकने गए थे। उन्हें निर्माणाधीन मकान के बरामदे में संतोष पाठक का शव छत से बंधी रस्सी से लटका देखा।
इंद्रदेव ने यह जानकारी पास में रहने वाले लोगों को दी।बाद में उन्होंने टेलीफोन से घटना की जानकारी मृतक संतोष के भाई दिलीप और पुलिस को दी। सीएसपी अमृत लाल मीणा पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना स्थल से पुलिस ने सुसाइट नोट, खून से सनी कुल्हाड़ी और फाइनेंस कंपनी के दस्तावेज और एक मोबाइल सेट बरामद कि या है।










