इंजीनियर को अगवा करने की कोशिश
रायपुर. पंडरी थाने से आधा किलोमीटर दूर विधानसभा रोड पर बुधवार रात छह युवकों ने इंजीनियर दलमीत सिंह का अपहरण करने की कोशिश की। वह दो दोस्तों के साथ ढाबे से भोजन करके लौट रहा था। अचानक मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें घेरा और इंजीनियर के पैर के पास फायर कर दिया।
इंजीनियर और उसके दोस्त को वे गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे थे। इसी बीच दलमील उनको चकमा देकर भाग निकले।
आधा दर्जन अपहरणकर्ता तीन अलग-अलग मोटरसाइकिलों में आए थे। वीपीएस कंपनी के इंजीनियर दलमीत अपने दो साथी कुलजीत भाटिया और मनिंदर सिंह के साथ खाना खाकर लौट रहे थे।
आरोपी युवकों ने उन्हें वीआईपी तिराहे के पास घेर लिया। उसके बाद पिस्टल दिखाकर युवकों ने इंजीनियर को धमकाया और पैर के पास गोली चला दी। इंजीनियर और उसके दोस्त सकते में आ गए। फिर आरोपियों ने इंजीनियर और उसके साथी कुलजीत को अपनी मोटरसाइकिल में बैठा लिया, जबकि मनिंदर को वहीं छोड़ दिया गया।
आरोपी पिस्टल की नोंक पर उन्हें विधानसभा रोड की ओर ले जाने लगे। रास्ते में इंजीनियर और उसके दोस्त अंधेरे में चकमा देकर भाग निकले। इंजीनियर की मोटरसाइकिल आरोपी ले भागे। एडिशनल एसपी ईस्ट रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से देशी कट्टे का खोखा बरामद हुआ है।
गोली चलाने वाला युवक लाल रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। मनिंदर साथियों को अगवा किए जाने सूचना पुलिस को देने की बजाय घर जाकर सो गया था। घटना का पता पुलिस को सुबह लगा, जब आरोपियों से जान बचाकर भागे इंजीनियर और उसके साथी कुलजीत थाने पहुंचे।
सिटी एसपी ने बताया कि मामले में फिलहाल मोटरसाइकिल लूट का मामला दर्ज किया गया है। कुलजीत इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र है, जबकि मनिंदर ने पुलिस को बयान में बताया कि वह 12 वीं की पढ़ाई कर रहा है। तीनों एक ही मोहल्ले में रहते हैं और रात में वे खाना खाने के लिए ढाबे गए थे।










