गर्भवती पत्नी को जलाकर मार डाला
रायपुर. दहेज के लिए गर्भवती पत्नी को जिंदा जलाकर मार डालने का आरोप पति कुमेंद्र कुमार सतनामी पर लगा है। आरोपी ने महिला पर मिट्टी तेल छिड़कर आग लगा दी थी।
सिमगा में पुलिस ने लताबाई (29) की हत्या के आरोप में कुमेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 12 नवंबर की घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। दहेज की बात पर महिला का पति के साथ झगड़ा हुआ था। मारपीट के दौरान पति ने लता के शरीर पर मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा दी और भाग निकला।
बुरी तरह से झुलस गई महिला को परिवार वालों ने आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला ने अपने मृत्यु पूर्व बयान में यह बताया है कि पति बेवजह पैसों की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करता था और अक्सर जान से मारने की धमकी देता था।
इसी डर से वह अक्सर अपने मायके चली जाती थी। उसने बताया कि पति ने उसकी हत्या की कोशिश की। पति ने इससे पहले थाने में सूचना थी कि खाना पकाते समय स्टोव फटने से पत्नी झुलस गई। पत्नी के मृत्यु पूर्व बयान के बाद आरोपी फरार हो गया।
मृतका के भाई बुधेश्वर ने बताया कि 10 वर्ष पहले लता की शादी हुई थी। शादी के बाद से पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहा। मृतका के परिवार वालों ने भी आरोपी पति पर जान से मारने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी पति की तलाश चल रही है।










