प्रशासन यहां सख्त भी लापरवाह भी
अम्बाला. जीटी रोड पर बने फ्लाइओवर के नीचे सुरक्षा को लेकर एक ही शहर में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। बलदेव नगर में फ्लाईओवर के नीचे एक भी रेहड़ी या अवैध पार्किग नहीं है वहीं दूसरी ओर कैंट फ्लाइओवर के नीचे नजारा कुछ और है। एक ओर प्रशासन पूरी सख्ती बरत रहा है तो दूसरी ओर नियमों की किसी को भी परवाह नहीं है।
प्रशासन की लापरवाही से खतरा पनप रहा है क्योंकि कैंट फ्लाइओवर के ठीक पास महत्वपूर्ण आईओसी का तेल डिपो, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड है। इतना ही नहीं यह स्थान कैंट का प्रवेशद्वार भी माना जाता है जहां आने पर हर समय जाम जैसे हालातों से वाहन चालकों को जूझना पड़ता है।
फ्लाइओवर के ईद-गिर्द ट्रेफिक के दबाव को कम करने के लिए प्रशासन ने दर्जनों कोशिशें कर ली, मगर यह बेकार ही साबित हुई। फ्लाइओवर के नीचे रेहड़ियां, अवैध दुकानें, पार्किग के अलावा वाहनों के खड़े होने से हालात बदतर हैं। रात्रि के समय तो संदिग्ध गतिविधियां यहां खूब चलती है। जिनमें जुआ, सट्टा, शराब पीना जैसे कार्य आम बात हो गई है।
हर योजना हुई असफल
तत्कालीन डीसी मोहम्मद शाईन के समय यहां हर्बल पार्क बनाने की योजना बनाई थी। योजना के मुताबिक फ्लाईओवर के नीचे जगह साफ कर दोनों ओर लोहे की फेंसिंग लगाकर बीच में हर्बल पौधे लगाए जाने थे। यह योजना कभी शुरू ही नहीं हो सकी। एक दो बार रेहड़ियां हटाने के प्रयास जरुर हुए मगर वह बेकार रहे। फ्लाईओवर के नीचे खड़े होने वाले आटो के लिए कुछ दूरी पर स्थित खाली स्थान को आटो पार्किग के लिए डीसी समीरपाल सरो ने चयनित किया था।
मगर यह योजना भी फेल रही। फ्लाईओवर के आसपास हाईकोर्ट के आदेशों की भी धज्जियां लगातार उड़ाई जा रही हैं। हाईवे को अतिक्रमण मुक्त कराने संबंधी आदेश हाईकोर्ट द्वारा जारी किए गए हैं और इन आदेशों की पालना करते हुए डीसी द्वारा यहां धारा 144 लगा दी गई थी, मगर यह आदेश यहां प्रभावी नहीं हो पा रहे हैं।
चोरी हो चुकी हैं फेंसिंग
फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लोहे की फेंसिंग दोनों ओर लगी हुई थी, मगर कई स्थानों पर यह लोहे की फेंसिंग चोरी हो चुकी है जिस वजह से इनके अंदर-बाहर कोई भी अंदर-बाहर बेरोक-टोक आ जा सकता है। हैरानी की बात है नेशनल हाइवे के अधीन आने वाली इस लोहे की फेंसिंग के चोरी होने की रिपोर्ट आज तक कहीं दर्ज तक नहीं कराई गई।
पर्यटन मंत्री के शहर का यह हाल
देश में पर्यटन को बढ़ावा देने में जुटी केंद्रीय पर्यटन मंत्री और अम्बाला से लगातार दूसरी बार सांसद चुनी गई कुमारी शैलजा से संसदीय क्षेत्र का यह हाल है तो अन्य क्षेत्रों में वह क्या सुधार कर पाएंगी। अपने ही क्षेत्र में सुधार करने पर सांसद शैलजा द्वारा ज्यादा ध्यान नहीं दिया जा रहा जबकि उनके सामने भी यह समस्या कई बार उठ चुकी है।
सुधार के प्रयास जारी
फ्लाईओवर के निचले क्षेत्र में सुधार का प्रयास जिला प्रशासन के साथ मिलकर किया जाएगा। पहले भी इस मामले को लेकर बातचीत हो चुकी है। ट्रेफिक व्यवस्था को सुचारू करने के प्रयास किए गए हैं। एक तरफ से सड़क को बंद करने से ट्रेफिक का दबाव कुछ कम हो पाया है। अवैध दुकानें व रेहड़ियां यहां से हटाने पर प्रशासन से बातचीत की जाएगी। - भारती अरोड़ा, एसपी, अम्बाला










