इनेलो में होगी भीतरघातियों की पहचान
पानीपत. इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि पार्टी में मौजूद भीतरघातियों की जल्द पहचान की जाएगी। जिस कार्यकर्ता ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए पार्टी ने एक कमेटी बनाई है। जांच कमेटी उन कार्यकर्ताओं को नोटिस देगी और उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को चौटाला ने सेक्टर 25 स्थित लक्ष्मी गार्डन में पानीपत के कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उसके बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के गिने-चुने ही दिन बचे हैं। सरकार अपने आप ही गिर जाएगी। इसे गिराने की कोई जरूरत नहीं है। न ही विपक्ष इसके लिए कोई प्रयास करेगा।
हाल में हुए चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुशासन का अंत करने के लिए सिर्फ इनेलो के पास दम है। जनांदोलन चलाकर प्रदेश का विकास करवाया जाएगा। गन्ने के मामले को लेकर दिल्ली में जमा यूपी के किसानों का उन्होंने समर्थन किया है। उनका कहना कि जब से कांग्रेस केंद्र और प्रदेश में आई है तब से किसानों को लूटा जा रहा है।
ऐलनाबाद उपचुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि इस सीट पर फिर से कांग्रेस पताका फहराएगी। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि इनेलो सीट तो जीतेगी साथ ही जितने वोट उन्हें मिले थे, उससे कहीं ज्यादा पार्टी उम्मीदवार को मिलेंगे। इससे पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया कि बिना किसी ठोस आधार पर वह कार्यकर्ताओं पर आरोप न लगाएं।
इस मौके पर इसराना हलका विधायक कृष्णलाल पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी माटा, प्रदेश सचिव सुरेश मित्तल, पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, मनोज जौरासी, प्रवक्ता शेर सिंह खर्ब, शहरी अध्यक्ष नरेश जैन, प्रवीण गाहल्याण, शहरी सचिव धर्मेद्र जावा, ईश्वर नारा, ओमप्रकाश शेरा, तेजबीर खर्ब, दीपक सहरावत और निशान सिंह मलिक सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस सरकार चंद दिनों की मेहमान
जोड़-तोड़ व खरीद-फरोख्त करके बनाई गई सरकार अधिक दिन नहीं चलती। अगली सरकार इनेलो की ही होगी। यह बात इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने गुरुवार को शहर में एक कार्यकर्ता के निवास स्थान पर कही। ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले प्रदेश की 90 सीटों में से 80 पर जीत हासिल करने का दावा करते हुए विकास के नाम पर वोट मांगी।
लेकिन जनता ने बता दिया कि कांग्रेस ने प्रदेश में कितना विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधायकों की खरीद फरोख्त व मंत्री पद का लालच देकर अपने कब्जे में करके सरकार बनाई है। यह सरकार जनता की बजाय सिर्फ अपना भला करेगी। इस अवसर पर मनोज जौरासी, रमेश अग्रवाल, दिनेश शर्मा, विजय जांगडा, विनोद कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।










