बाइक चोरी करती महिला को पकड़ा
रतलाम. घर के बाहर खड़ी बाइक को एक महिला व युवक ने चोरी की और उसे स्टार्ट कर भागने लगे, कुछ दूरी पर जाकर बाइक बंद हो गई और महिला बाइक को धक्का दे रही थी तभी उनका पीछा करने वाले जा धमके। युवक बाइक छोड़ जंगल में भाग गया और लोग महिला चोर को पकड़ थाने ले आए।
माणकचौक पुलिस थाना अंतर्गत चमारिया नाका क्षेत्र में आरोपी महिला बसंतीबाई व उसका साथी नन्ना घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल थोड़ी दूर तक पैदल ले गए और स्टार्ट करके ग्राम करमदी की तरफ भागने लगे।
हड्डी फैक्टरी के समीप जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल लेकर पहुंचे कि वहां पर अचानक बाइक बंद हो गई और महिला उसे धक्का देने लगी तभी बाइक को ढूंढते-ढूंढते मालिक धर्मेद्र साथियों के साथ पहुंच गया और पूछताछ करने लगा। इस दौरान आरोपी नन्ना बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया और महिला बसंतीबाई को पकड़कर थाने ले आए।










