ब्रांड बिल्डिंग के लिए मार्केट का नॉलेज जरूरी
इंदौर. इंदौर मैनेजमेंट इंस्टिट्यूट (आईएमआई) में ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम के तहत फ्रांस की मार्केटिंग एक्सपर्ट इमानुएल जौबर्ट का लेक्चर हुआ। उन्होंने स्टूडेंट्स के साथ ब्रांड बिल्डिंग पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा ब्रांड बिल्डिंग के लिए विजन और मार्केट का नॉलेज जरूरी है।
सुश्री जौबर्ट ने कहा ब्रांड किसी विशिष्ट व्यापार, उसके चिह्न् एवं प्रोडक्ट को दर्शाता है। वर्तमान में ब्रांड ने अपनी उपयोगिता इस कदर बढ़ा दी है कि वह बिजनेस कल्चर एवं इकोनॉमी का पर्याय बन गया है।
उन्होंने कहा ब्रांड शब्द की उत्पत्ति ट्रेडमार्क से हुई है। ट्रेडमार्क, स्लोगन, मैस्काट्स एवं जिंगल किसी प्रोडक्ट की ब्रांड बिल्डिंग में उपयोगी हैं। ब्रांड नेम मुख्य रूप से कंपनी स्टेटस से प्रोडक्ट स्टेटस को परिभाषित करते हुए प्रोडक्ट की बिक्री में मददगार होता है। उन्होंने विभिन्न केस स्टडी के जरिये ब्रांड आईडेंटिटी, ब्रांड पर्सनालिटी, ब्रांड वैल्यू, कॉर्पाेरेट ब्रांडिंग एवं ब्रांड इक्विटी जैसे शब्दों के अर्थ और महत्व समझाए। उन्होंने कहा कॉर्पाेरेट ब्रांडिंग सार्थक अर्थव्यवस्था का परिचायक है, जिसमें एक एडवरटाइजिंग कैंपेन से कई प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग हो जाती है।
सुश्री जौबर्ट ने कहा कंपनी और प्रोडक्ट की ब्रांडिंग के साथ खुद की ब्रांडिंग का भी ख्याल रखें। बिल गेट्स और माइक्रोसाफ्ट इसका अच्छा उदाहरण है। उन्होंने फ्रांस सहित दुनिया की बड़ी कंपनियों द्वारा ब्रांडिंग के लिए अपनाए जा रहे आधुनिक उपायों की जानकारी भी दी। नए कॉन्सेप्ट नो ब्रांड ब्रांडिंग छात्रों को दिलचस्प लगी, जिसमें कंपनी एडवरटाइजिंग एवं मार्केटिंग पर कम से कम खर्च करते हुए केवल प्रोडक्ट क्वालिटी पर ध्यान देती है। आईएमआई के डायरेक्टर जयंत मोहपात्रा ने कहा ब्रांड बिल्डिंग किसी भी व्यापार के लिए महत्वपूर्ण डेवलपमेंट स्टेप है। इससे मार्केट में प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। संचालन श्रीलेखा मिश्रा ने किया।










