पौने 10 करोड़ की अघोषित आय मिली
जयपुर. आयकर विभाग ने टैक्सटाइल व रियल स्टेट से जुड़े एक व्यवसायी की पौने दस करोड़ रुपए की अघोषित आय का पता लगाया है।
आयकर आयुक्त आर.के.गुप्ता ने बताया कि बुधवार को व्यवसायी के बनीपार्क, वैशाली नगर, स्टेशन रोड, जौहरी बाजार व कालवाड़ रोड पर स्थित छह ठिकानों का एक साथ सर्वे किया गया, जिसमें पता चला कि बिल्डर ने पौने दस करोड़ रुपए की कमाई पर आयकर नहीं चुकाया। इसके अलावा उसने बेनामी निवेश करके कालवाड़ रोड पर जमीनें खरीदी है। झोटवाड़ा रोड स्थित हैंडलूम शॉप पर टैक्सटाइल टैक्स चोरी का भी पता चला। व्यवसायी जयपुरी रजाइयों का एक्सपोर्टर भी है।
ऐसे की टैक्स चोरी: फ्लैट बेचने व बुकिंग से प्राप्त राशि को बिल्डर ने बहीखातों में नहीं दर्शाया। साथ ही टैक्सटाइल व्यवसाय में स्टॉक व बहीखातों में मिलान के दौरान गड़बड़ी पाई गई। सर्वे में प्रॉपटी खरीद के एक दर्जन एग्रीमेंट के अलावा जमीनों की रजिस्ट्री मिली हैं। लेकिन प्रॉपर्टी के एग्रीमेंट में दर्शाई राशि रजिस्ट्री में एक चौथाई से भी कम है।
नींव पूजन में आए थे फिल्मी सितारे: व्यवसायी ने 2006 में अपना पहला बड़ा बिल्डिंग प्रोजेक्ट कालवाड़ रोड पर शुरू किया था। उसके नींव पूजन पर शिल्पा शेट्टी, शंकर महादेवन सहित कई फिल्मी कलाकार शामिल हुए थे, जिसकी शहरभर में खासी चर्चा हुई थी। तब से लेकर तीन साल तक आयकर विभाग ने उसके व्यवसाय पर नजर रखना शुरू कर दिया था। उसने 2005 में खुद की जमीनें बेचकर भवन निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा था। शुरुआती दौर में कालवाड़ रोड पर बिलंिडग बनाकर बेचने में अच्छा फायदा हुआ, पर मंदी आने के बाद आठ इमारतें अधूरी रह गईं।










