राहुल गांधी 24 से राज्य के दौरे पर
जयपुर. कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी 24 नवंबर से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार राहुल 24 को सवाईमाधोपुर, कोटा और उदयपुर में युवक कांग्रेस के कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अगले दिन 25 नवंबर को वे जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और जयपुर का दौरा करेंगे।
राहुल के दौरे का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के युवाओं को पार्टी की तरफ आकर्षित करना और युवक कांग्रेस के सदस्यता अभियान को लेकर माहौल बनाना रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के तीनों जिले सूखा प्रभावित हैं ऐसे में अपने दौरे में राहुल वहां के किसानों से भी बात कर उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश करेंगे।
जयपुर में लेंगे कांग्रेस की बैठक
राहुल गांधी 25 नवंबर को जयपुर में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्ष और जिलाध्यक्षों, एआईसीसी पदाधिकारियों और सदस्यों, पीसीसी सदस्यों को बुलाया जाएगा। राहुल गांधी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक लेंगे। इससे पहले फरवरी में राहुल ने जयपुर दौरे के समय प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक ली थी।
राहुल के दौरे को लेकर कांग्रेस में तैयारियां शुरू: प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के सभी सांसदांे और सरकार के प्रभारी मंत्रियों को राहुल के दौरे को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश स्तर के अलावा स्थानीय नेताओं को भी तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए गए हैं।










