अब इग्नू खुद देगी मैसेज से तुरंत रिजल्ट
करनाल. अब इग्नू के विद्यार्थियों को अपने रिजल्ट को लेकर टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। रिजल्ट जानने के लिए न तो बार-बार वेबसाइट पर माथा-पच्ची करने की जरूरत है और न विश्वविद्यालय में फोन करने का झंझट। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों को खुद मोबाइल पर मैसेज से रिजल्ट देने का निर्णय लिया है।
दिसंबर से होने वाली परीक्षा से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। परीक्षा देने के बाद अक्सर विद्यार्थियों को रिजल्ट की चिंता बनी रहती है। रिजल्ट जानने के लिए विद्यार्थी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर खंखालते रहते हैं। वेबसाइट पर रिजल्ट न मिल पाने के कारण वे स्टडी सेंटर व रीजनल सेंटरों पर जाते हैं, लेकिन यहां चक्कर काटने के बाद भी विद्यार्थियों को संतुष्टिपरक जवाब नहीं मिल पाता है।
रिजल्ट जानने की बेचैनी में विद्यार्थी विश्वविद्यालय तक में फोन करते हैं। जब तक रिजल्ट नहीं आता, विद्यार्थी तरह-तरह के माध्यमों से परीक्षा परिणाम आउट होने की तारीख का पता लगाते रहते हैं। जब तक रिजल्ट नहीं आता वे साइबर कैफे वगैरह में जाते रहे हैं।
इससे जहां उनको आर्थिक चपत लगती है, वहीं बेवजह टाइम भी वेस्ट होता है। लेकिन इग्नू के विद्यार्थियों का जैसे ही किसी विषय का रिजल्ट तैयार होगा, वैसे ही उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज से रिजल्ट पहुंच जाएगा। विद्यार्थियों को अपना परीक्षा परिणाम जानने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं रहेगी।
मोबाइल नंबर हो रहे हैं फीड
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी अपने सभी विद्यार्थियों के मोबाइल नंबरों का डाटा फीड कर रही है। करनाल क्षेत्रीय केंद्र के 900 परीक्षार्थियों में से 450 के मोबाइल नंबर उनके एडमिशन फार्म से कॉलेक्ट कर लिया गए हैं।
हेडक्वार्टर ने मांगे मोबाइल नंबर : इग्नू के दिल्ली हेडक्वार्टर ने परीक्षार्थियों के मोबाइल नंबर मांगे हैं। जिन परीक्षार्थियों के मोबाइल नंबरों का डाटा दिल्ली हेडक्वार्टर में पहुंच जाएगा, उनका परीक्षा सब्जेक्ट वाइज उनके मोबाइल पर मैसेज से भेज दिया जाएगा।
इग्नू अपने विद्यार्थियों को अब स्वयं मोबाइल मैसेज से परीक्षा का परिणाम देगी। जैसे ही किसी विषय का परिणाम तैयार होगा, तुरंत परीक्षार्थियों को मैसेज कर दिया जाएगा। दिसंबर में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों से यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। - अशोक शर्मा, क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू










