घरौंडा के लिए दौड़ी चार बसें
करनाल. प्रदेश के परिवहन एवं पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश जैन के आदेश का असर गुरुवार को साफ दिखाई दिया। गुरुवार सुबह से ही करनाल बस स्टैंड से घरौंडा तक के लिए चार स्पेशल बसें चलाई गईं। ये बसें पूरे दिन करनाल से घरौंडा तक चक्कर काटती रहीं। इससे पहले ये चारों बसें परिवहन मंत्री के घर पानीपत तक का सफर तय करती थीं, लेकिन अब इनका मार्ग छोटा कर दिया गया है।
इन बसों के चलने से सबसे ज्यादा राहत घरौंडा के स्टूडेंट्स को मिला जो घरौंडा से करनाल के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में रोजाना पढ़ने के लिए आते हैं। दरअसल घरौंडा से सैंकड़ों छात्र-छात्राओं को करनाल आने के लिए भारी मशक्त करनी पड़ती थी।
घरौंडा बस स्टैंड पर छात्र-छात्राओं की भीड़ देखकर पानीपत से करनाल की ओर आने वाली अधिकतर बसें घरौंडा में नहीं रुकती थी। कई बार छात्र उग्र होकर बसों पर पत्थरबाजी भी कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि बुधवार को परिवहन मंत्री ने घरौंडा के लोगों को आश्वासन दिया था कि घरौंडा में बसें रुकेगी।
घरौंडा के लिए चार बसें चलाई गई हैं। इससे पहले ये बसें पानीपत तक जाती थीं। - पालाराम, ड्यूटी इंस्पेक्टर, बस स्टैंड, करनाल










