अवैध मावा और स्टील पाइप पकड़े
जोधपुर. वाणिज्यिक कर विभाग ने गुरुवार को सघन ट्रांसपोर्ट चेकिंग अभियान के तहत पाली रोड पर अहमदाबाद से आ रहे एक वीडियो कोच में लाए जा रहे 94 हजार 500 रुपए मूल्य के पाइप पकड़े। विभाग ने रोडवेज की बस में बीकानेर से अवैध रूप से लाए जा रहे मावे के 86 कनस्तर भी पकड़े। दोनों ही मामलों में विभाग को कर व शस्ति के रूप में 48 हजार 5 सौ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
विभाग की उपायुक्त (प्रशासन) वंदना सिंघवी ने बताया कि विभाग को अहमदाबाद से आ रहे वीडियो कोच में स्टील पाइप लाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर डी सर्किल के अधिकारियों के दल ने पाली रोड पर बस को रुकवा कर चैकिंग की। इस दौरान पाइप बस की छत पर रखे हुए मिले। उन्होंने बताया कि 94 हजार 500 रुपए मूल्य के पाइप पर विभाग को कर व पैनल्टी के रूप में 25 हजार 500 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
86 कनस्तर पकड़े
विभाग के ए सर्किल के अधिकारियों ने बीकानेर से रोडवेज बस में लाए गए मावे के 86 कनस्तर पकड़े। जिस समय मावा पकड़ा गया उस समय साथ में आया व्यक्ति इसके कनस्तर बस से उतार कर लोडिंग टेक्सियों में लोड करवा रहा था। इनके साथ बिल नहीं होने के मद्देनजर 17 किलो प्रति कनस्तर वजन के कनस्तरों का 80 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मूल्यांकन किया गया। इस प्रकार करीब 1 लाख 12 हजार रुपए मूल्य के मावे पर कर व शास्ति के रूप में 23 हजार रुपए वसूले गए।



