30 लाख पेशगी देकर चोरी के मामले में फंसे
अमृतसर. 70 लाख के प्लाट के एवज में 30 लाख पेशगी देने के बावजूद खरीददार चोरी के मामले में फंस गए हैं। उनके अनुसार जब पता चला कि प्लाट का विवाद कोर्ट में चल रहा है तो उन्होंने पेशगी के रुपए वापस मांग लिए। इस पर विक्रेता ने उनके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करवा डाला।
एडवोकेट मनीष कुमार बजाज ने बताया कि उनके मुवक्किलों न्यू माडल टाऊन छेहर्टा निवासी प्रदीप कुमार और लेबर कालोनी खंडवाला निवासी राकेश कुमार ने 20 जनवरी को रेस कोर्स रोड निवासी अशोक कुमार व उसके पार्टनरों से काला घन्नूपुर स्थित एक प्लाट 70 लाख में खरीदने का सौदा किया था। उस दौरान 10 लाख और बाद में 20 अप्रैल को 20 लाख रुपए अदा किए गए।
सेलडीड के लिए 14 अगस्त की तारीख निश्चित की गई, लेकिन इससे पहले ही किसी अन्य पार्टी ने लीगल नोटिस के जरिए उन्हें चौकस किया कि प्लाट का विवाद अदालत में पैडिंग है, जिसकी सुनवाई 20 अगस्त को है। हैरत की बात यह भी थी इस मामले में बनाए गए 18 उत्तरवादियों में प्लाट बेचने वाले सभी तीनों पार्टनरों को भी उत्तरवादी बनाया गया था।
जबकि इन्होंने एग्रीमैंट में इस बात का कहीं भी जिक्र नहीं किया था। उनके मुव्वकिलों ने विवादित प्लाट की सेलडीड करवाने की बजाए पेशगी के 30 लाख वापस मांगे, तो उल्टा उन पर 6 अक्तूबर को थाना सदर में मामला दर्ज हो गया। एडवोकेट बजाज ने बताया कि अतिरिक्त सैशन जज की अदालत ने 13 अक्तूबर को उनके मुव्वकिलों को अग्रिम जमानत प्रदान कर दी थी।
अब प्लाट मालिक ने उनकी इस अग्रिम जमानत याचिका को रद्द करवाने के लिए अदालत में याचिका दायर कर दी है, जिसकी सुनवाई 20 अगस्त को होनी है। इसमें आरोप लगाए गए हैं कि आरोपी उनके गवाहों को डरा धमका रहे हैं।










