हाई वोल्टेज से उपकरण जले
जोधपुर. भगत की कोठी पीली टंकी स्थित घांची कॉलोनी में गुरुवार शाम अचानक हाई वोल्टेज आने से करीब पंद्रह घरों में बिजली के उपकरण जल गए। इससे नाराज लोगों ने डिस्कॉम के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। शाम करीब पौने सात बजे पीली टंकी घांची कॉलोनी में कबूतरों का झुंड तारों पर बैठा था।
इनमेंं से कुछ कबूतर आपस में लड़ने लगे तो बिजली के तार आपस में भिड़ गए। इससे एक धमाका हुआ और करीब पचास घरों में बिजली चली गई। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए और एक—दूसरे को पूछा तो पता चला कि तार आपस में टकराने से यह हादसा हुआ है।
इस घटना से नाराज लोगों ने डिस्कॉम के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। कुछ देर बाद जब डिस्कॉमकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची तो उसे भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस पर डिस्कॉमकर्मियों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तारों पर पत्थर बांधकर बिजली सप्लाई चालू कर दी।
इसी तरह नागौरी गेट के अंदर तीन लोगों के यहां अज्ञात लोगों ने बुधवार देर रात को बिजली के मीटर जला दिए। इस बारे में स्थानिय नागरिकों ने डिस्कॉम से शिकायत की लेकिन कुछ कार्रवाई नहीं हो पाई।










