21 नए पॉजिटिव रोगी
जोधपुर. सर्दी के चलते लगातार बड़ी संख्या में संदिग्ध स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आ रहे हैं। उधर, डीएमआरसी में स्वाब के नमूनों की जांच रिपोर्ट में देरी मरीजों और अस्पताल प्रबंधन की चिंता बढ़ा रही है। चार दिनों में डीएमआरसी में सवा सौ से अधिक नमूने भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 16 और 17 नवंबर के नमूनों की जांच हो सकी है।
गुरुवार को एमडीएम अस्पताल प्रबंधन ने डीएमआरसी से प्राप्त 44 नमूनों की रिपोर्ट जारी की। इसमें 21 नए पॉजिटिव रोगी सामने आए। इनमें एक रेजिडेंट डॉक्टर और नौ बच्चे शामिल हैं। अब तक दो रेजिडेंट डॉक्टर स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं।
इधर, एमडीएम अस्पताल के दोनों आईसीयू में आठ रोगी वेंटीलेटर पर चल रहे हैं। इनमें चार पॉजिटिव रोगी शामिल हैं। गुरुवार को दो और रोगियों को भर्ती किया गया। उम्मेद अस्पताल में भी गम्भीर स्थिति में दो पॉजिटिव बच्चों का उपचार चल रहा है। यहां 13 बच्चे भर्ती है।
मुफ्त की जांच से भीड़ में इजाफा
जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन केवल 250 रुपए वसूल रहा है। यह खर्च केवल अस्पताल में मीडिया किट व दूसरे खर्च के लिए लिया जा रहा है। डीएमआरसी मुफ्त में जांच कर रही है। इसके चलते संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जबकि पूर्व में जयपुर में जांच के लिए तीन हजार रुपए शुल्क अदा करना पड़ता था। इसके चलते ज्यादातर नमूने सी श्रेणी के रोगियों आते थे, लेकिन अब नाम मात्र के शुल्क ने भीड़ में इजाफा कर दिया है। ऐसे में मरीजों के परिजन माइक्रोबायोलॉजी लैब के चक्कर काट रहे हैं।
47 नमूने और भेजे
डीएमआरसी से प्राप्त रिपोर्टो में 21 रोगी पॉजिटिव आए हैं। गुरुवार को 47 नमूने और जांच के लिए भेजे गए।
डॉ.प्रफुल्ल कच्छवाह, अधीक्षक, एमडीएम अस्पताल










