Friday, Nov 20th, 2009, 6:19 am [IST]  

danik bhaskarघोषणा-पत्र पर काम करेंगे महापौर

भास्कर न्यूज

बीकानेर. महापौर पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने वादा किया है कि वे जनता की ओर से तय कर भास्कर के माध्यम से सौंपे गए जनता के घोषणा-पत्र के अनुरूप काम करेंगे। गुरुवार को भास्कर कार्यालय में उन्हें जनता का घोषणा-पत्र पढ़कर सुनाया और प्रति सौंपते हुए संकल्प-पत्र पर लिए दस्तखत.



बीकानेर नगर निगम में महापौर पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में से भले ही किसी की जीत हो मगर उसके कामकाज का बड़ा आधार जनता की ओर से तय किया गया घोषणा-पत्र होगा। यह वादा उन सभी प्रत्याशियों ने किया जिन्हें भास्कर कार्यालय में जनता का घोषणा-पत्र सौंपा गया।



भास्कर कार्यालय में गुरुवार को इस घोषणा-पत्र का लोकार्पण जहां सभी प्रत्याशियों ने संयुक्त रूप से किया वहीं इसमें शामिल किए गए मुद्दे, सुझावों और विचारों को अमली जामा पहनाने का संकल्प भी लिया। शहर के सभी वार्डो में भास्कर की ओर से जनता के बीच जाकर किए गए संवाद ‘रूबरू’ के जरिये सामने आई समस्याओं को संक्षेप में शामिल करने के साथ ही शहर के प्रबुद्ध वर्ग की ओर से टॉक-शो में दिए गए इनके समाधान, सुझाव और विचारों को एक दस्तावेज के रूप में संकलित कर उसे ‘जनता का घोषणा-पत्र’ नाम दिया है।



जन भावनाओं के अनुरूप ही यह दस्तावेज प्रत्याशियों के सुपुर्द किया गया। तीन हिस्सों में बने घोषणा-पत्र का पहला हिस्सा महौपार प्रत्याशी की प्रतिबद्धता, कार्यशैली और छवि से संबंधित है वहीं दूसरे हिस्से में शहर की प्रमुख समस्याओं को शामिल किया गया है। शहर के सौंदर्यीकरण और विकास की योजनाएं तीसरे भाग में उल्लेखित की गई हैं। ‘भास्कर’ कार्यालय में हुए इस आयोजन में महापौर पद के लिए चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों को आमंत्रित किया गया था जिनमें कांग्रेस के भवानीशंकर शर्मा, भाजपा के गोपाल गहलोत, बसपा के बंशीलाल और स्वतंत्र प्रत्याशी मोहम्मद सुलेमान उपस्थित रहे।



अस्वस्थता की वजह से एक प्रत्याशी शांतिलाल बैद हालांकि उपस्थित नहीं हो सके मगर फोन पर उन्होंने इन जन अपेक्षाओं के प्रति खरा उतरने का वादा किया। सभी प्रत्याशियों ने जनता के विचारों को शिरोधार्य करते हुए जहां इनके अनुरूप कार्य करने की मंशा जताई वहीं इससे आगे बढ़कर अपनी पहल से भी लोगों के दुख-दर्द दूर करने का संकल्प जताया।

दैनिक भास्कर बीकानेर संस्करण के कार्यकारी संपादक मधु आचार्य ने प्रत्याशियों को जनता का यह घोषणा-पत्र सौंपते हुए जहां जन भावनाओं पर खरा उतरने की अपेक्षा की वहीं भास्कर की ओर से शहर में सुधार और विकास के लिए हर संभव सहयोग का वादा किया। उन्होंने कहा, जरूरत पड़ी तो चुने हुए महापौर को जनता का घोषणा-पत्र याद दिलाने में भी भास्कर पीछे नहीं रहेगा। शाखा प्रबंधक अयाज खान ने प्रत्याशियों का आभार जताते हुए भास्कर के मंच पर जनता की ओर से उठाए गए मुद्दों की तरफ ध्यान आकर्षित किया। प्रारंभ में घोषणा पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी सीनियर रिपोर्टर धीरेन्द्र आचार्य ने दी। कार्यक्रम का संचालन सिटीचीफ हरीश बी.शर्मा ने किया।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: