नौसेना में पहली बार नेवीगेटर्स बनीं महिलाएं
नई दिल्ली. भारतीय सेना में पुरुषों का एक और गढ़ शुक्रवार को ढह जाएगा। शुक्रवार को उड़नदस्ते में दो महिला नेवीगेटर्स को शामिल किया जाएगा। यह सशस्त्र सेनाओं में एक तरह से महिलाओं की पहली भर्ती होगी।
हरियाणा की उप लेफ्टिनेंट अंबिका हुडा और उत्तरप्रदेश की सीमा रानी शर्मा भारतीय नौसेना के डोर्नियर विमान में उड़ान भरेंगी। इस विमान का परिवहन और हवाई निगरानी के लिए उपयोग किया जाता है। नौसेना एक प्रवक्ता ने बताया कि एक नेवीगेटर लड़ने का काम भी करता है।
वायुसेना के विपरीत हमारे सभी विमान लड़ाई के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं। प्रवक्ता ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि जब भारतीय नौसेना में महिला नेवीगेटर नियुक्त की जा रही हैं। यह गर्व का अवसर है, क्योंकि उन दोनों ने अपना प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है। नेवीगेटर्स का काम बहुत चुनौतीपूर्ण होता है।
उन्हें एक विमान को पूरे समय सही स्थिति में रखने के अलावा यात्रा की योजना, यात्रा के समय पायलट को गंतव्यों के सही समय की जानकारी देने और मौसम के खतरों से विमान को बचाना सुनिश्चित करने की जिम्मेदारियां भी होती हैं।










