दावत को तैयार इजिप्ट
लुधियाना. लोक वसदे दुनिया च बथेरे पंजाबियां दी शान वखरी। पंजाबी हमेशा से कुछ अलग करने के लिए जाने जाते हैं। चाहे किसी एनआरआई की बैलगाड़ी बारात हो या हेलीकाप्टर से अपनी दुल्हन को हवा में लेकर उड़ जाने बात, हमेशा पंजाबी इन चीजों से सुर्खियों में रहे हैं। थीम बेस्ड शादियों के मामले में भी पंजाबी किसी से कम नहीं।
इन दिनों तो इसका चलन कुछ ज्यादा ही जोरों पर है। शुक्रवार को शहर में एक ऐसी ही धमाकेदार वेडिंग थीम को लेकर एक वेडिंग पार्टी का आयोजन किया जा रहा है शहर के रामगढ़ इलाके में। इस वेडिंग पार्टी की खास बात यह है कि यहां पहुंचकर आप यह भूल जाएंगे कि आप इंडस्ट्रीयल शहर लुधियाना में हैं, क्योंकि जिस जगह यह पार्टी आयोजित हो रही है, उसे पूरी तरह इजिप्टीयन लुक दिया जा रहा है।
इसके लिए यहां मुंबई, कोलकाता व देश के अन्य जगहों से कारीगर बुलाए गए हैं, जो दिन-रात लगकर पार्टी स्थल को इजिप्ट का लुक देने में जुटे हुए हैं। यह सभी तैयारियां जीके इंफ्रास्ट्रचर लिमिटेड के डायरेक्टर गुलशन कुमार के बेटे और बॉलीवुड स्टार कुमार साहिल के भाई रोहित कुमार की शादी की वेडिंग पार्टी के लिए चल रही हैं।
इस थीम बेस्ड पार्टी के लिए बकायदा मुंबई बेस्ड एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी पिछले दस दिनों से काम कर रही है। इजिप्टीयन लुक देने के लिए कारीगर इजिप्ट के देवी-देवताओं समेत वहां के माहौल को पूरी तरह से यहां उतारने में जुटे हैं। जगह-जगह मूर्तियां लगाई जा रही हैं, वहीं रोशनी के लिए मशालों की व्यवस्था की जा रही है। बड़े-बड़े गुलदान मंगाए गए हैं तो पंडाल को पिरामिड जैसा लुक दिया जा रहा है।
कौन-कौन से सितारे करेंगे शिरकत
शादी को और यादगार बनाने के लिए यहां पर देश-विदेश के कई नामी चेहरे शिरकत करेंगे। इनमें कई बालीवुड स्टार्स भी शामिल हैं। शादी में विभिन्न डांस ट्रुप के साथ इंटरनेशनल परफार्मर एला लेजर भी शामिल होंगी, जबकि कुमार साहिल के बुलावे पर प्रोड्यूसर शरमन राठौर, काश मेरे होते की हिरोइन स्नेहा उलाल, बिपाशा बासु, मुग्धा गोडसे, लाभ जंजुआ, बब्बू मान, बलकार सिद्धू, मयंक बराड़, जसपाल भट्टी, जिम्मी शेरगिल सहित कई अन्य सितारों के पहुंचने की उम्मीद है।
साथ ही पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, मोहिंदर सिंह केपी, सांसद मनीष तिवारी, जेल व सभ्याचारक मंत्री हीरा सिंह गाबड़िया सहित पंजाब के कई राजनेताओं की भी इस कार्यक्रम में शिरकत करने की उम्मीद है।
अच्छी यादें बनाने को अपनाई है यह थीम
जीके इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के डायरेक्टर गुलशन कुमार का कहना है कि उनका सपना था कि वे अपने बच्चों के लिए कुछ यादगर पल बनाएं। जब उनके बेटे की रिंग सेरेमनी हुई तो छोटे बेटे कुमार साहिल की फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर राजेश उनसे साहिल की अगली फिल्म के लिए चर्चा करने लगे। इसी दौरान उन्होंने द मम्मी का सिक्वल लाने की बात कही।
इस पर मैने उन्हें कहा कि इस समय तो मुझे बड़े बेटे की शादी की चिंता है कि इसे कैसे यादगर बनाया जाए। तभी उन्होंने कहा कि आप इस थीम को ही अपना लो, क्योंकि इसमें केवल पुतलों का काम प्रमुख होता है। इस पर मैंने उनके साथ मिलकर खर्च का आंकलन किया।
इससे पता चला कि मैरिज पैलेस की तुलना में यह ज्यादा महंगा नहीं होगा, इसलिए मैंने उन्हें इसकी जिम्मेदारी सौंप दी। इस पूरी थीम को संचालित करने के लिए जीके सिनेप्लेक्स की टीम ने काम किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने किराए पर जगह लेने की बजाए अपनी नई बन रही कालोनी में ही सेट लगवाया है और इसके लिए मूर्तियां भी यहीं पर पीओपी से तैयार करवाई गई हैं।










