लुधियाना के डाक्टर में स्वाइन फ्लू की पुष्टि
लुधियाना. लुधियाना में सीएमसी अस्पताल के मनोचिकित्सक डा. संदीप गोयल में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई है। वीरवार को पीजीआई चंडीगढ़ ने डाक्टर के सैंपल की लैब टेस्टिंग के बाद सेहत विभाग को रिपोर्ट भेज दी। फिलहाल डाक्टर को सीएमसी अस्पताल में ही आईसोलेट किया हुआ है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक डाक्टर के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है, ताकि उन्हें भी एहतियातन दवा शुरू की जा सके।
बता दें कि उक्त डाक्टर 11 नवंबर को बेंगलूर में एक मेडिकल कांफ्रेंस में हिस्सा लेने गया था। वहां से लौटने के बाद से ही उन्हें खांसी जुकाम व अन्य शिकायतें शुरू हो गई थी। जिस पर बुधवार को सेहत विभाग ने डाक्टर का सैंपल लेकर पीजीआई भेजा था। इसी बीच मोहाली से भेजे गए दो सैंपलों की रिपोर्ट भी आ गई है।
स्टेट नोडल आफिसर डा. दीपक भाटिया ने बताया कि सोमादेवी और संदीप संधू के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से सोमादेवी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई है। जबकि संदीप संधू की रिपोर्ट नेगटिव आई है। उधर, जिला सेहत विभाग अगले दिनों में शहर भर के प्राइवेट डाक्टरों को स्वाइन फ्लू से निपटने की ट्रेनिंग देगा। विभाग की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें उन्हें स्वाइन फ्लू मैनेजमेंट के बारे में बताया जाएगा।










