पटरी उड़ाई , टाटा- बिलासपुर पैसेंजर दुर्घटनाग्रस्त
बिलासपुर. नक्सली घटना के चलते पोसैता-मनोहरपुर (चक्रधरपुर मंडल) के बीच बिलासपुर-टाटा पैसेंजर की 8 बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना में एक यात्री की मौत हो गई वहीं 60 यात्रियों के घायल होने की आशंका है।
टाटानगर से छूटकर सुबह 7:25 बजे बिलासपुर आने वाली 321 टाटा पैसेंजर अपने निर्धारित समय पर चल रही थी। यह ट्रेन रात 9 बजे चक्रधरपुर मंडल के पोसैता स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन लगभग 7 किलोमीटर आगे बढ़ी थी कि मनोहरपुर से पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बिलासपुर मंडल के सीनियर डीसीएम एके शमसी के अनुसार 2 स्लीपर और 8 जनरल कोच के साथ आ रही टाटा पैसेंजर रात 9:20 पर दुर्घटनाग्रस्त हुई।
हादसे में चक्रधरपुर निवासी जेजी बेनर्जी की मौत हो गई। इधर सूत्रों के अनुसार ट्रेन की गति धीमी होने के कारण एक बड़ी घटना टल गई। पटरी से उतरने के बाद बोगियां एक-दूसरे से टकराते हुए स्थिर हो र्गई। इस दौरान तेज झटके लगे और 60 से ज्यादा मुसाफिर घायल हो गए। इस बीच 3 यात्रियों की मौत की भी अपुष्ट सूचना मिल रही है।
बताया जाता है कि ट्रेन की गति तेज होती तो, बोगियां एक दूसरे पर चढ़ जातीं और स्थिति भयानक होती। इधर सूचना मिलते ही चक्रधरपुर से रिलीफ ट्रेन मौके के लिए रवाना की गई है। घटना स्थल पर राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
कैसे घटी दुर्घटना : घटनास्थल को जंगल और धुर नक्सल प्रभावित बताया जाता है। गुरुवार की रात 8 बजे नक्सलियों ने पोसैता और मनोहरपुर स्टेशन के बीच अप लाइन के किलोमीटर नंबर 366/15 के पास ब्लास्ट किया। इसके कारण 6 फीट लंबी पटरी उखड़ गई और 5 फीट गड्ढा हो गया। इस मामले की सूचना रेल प्रशासन को मिल पाती, इससे पहले ही टाटा-बिलासपुर पैसेंजर मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
ये हैं हेल्पलाइन नंबर
रेल प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करने के साथ ही हताहतों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
07752-417814 बिलासपुर।
07762-225993 रायगढ़।
06587-238072 चक्रधरपुर।










