लुधियाना-हिसार पैसेंजर लेट, हंगामा
लुधियाना. हिसार से लुधियाना आने जाने वाली 2एलजेएच पैसेंजर ट्रेन के रोजाना लेट होने के कारण दैनिक यात्री खासे परेशान हैं। वीरवार को भी ट्रेन अपने निर्धारित समय से दो घंटे लेट लुधियाना स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन को एक घंटा से अधिक गांव गिल स्टेशन पर रोके रखा गया। दैनिक यात्रियों का आरोप है कि रोजाना पैसेंजर ट्रेन को बेवजह लेट कर उन्हें परेशान किया जाता है।
इसी बात को लेकर यात्रियों ने गांव गिल स्टेशन पर हंगामा किया। दैनिक यात्री बॉबी कुमार ने बताया कि इस लेट लतीफी के कारण सभी यात्री पूरी तरह से परेशान हैं। उनका कहना है कि रोजाना सुबह आते समय ट्रेन को बेवजह गांव गिल स्टेशन पर रोक दिया जाता है। लाइन क्लीयर होने के बावजूद ट्रेन को लंबे समय तक वहां खड़ा रखा जाता है।
जिससे रोजाना गांव गिल से लुधियाना का दस मिनट की दूरी ट्रेन 40 से 45 मिनट में पूरी करती है। शाम के समय भी लुधियाना स्टेशन से ट्रेन को बेवजह देरी से चलाया जाता है। उनका आरोप है कि जब वे लोग गार्ड से कंप्लेंट बुक की मांग करते हैं, तो उन्हें उपलब्ध नहीं कराई जाती। डिप्टी एसएस आफिस में भी बार—बार शिकायत करने के बावजूद ट्रेन की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
वीरवार को भी ट्रेन दस बजकर पांच मिनट पर गांव गिल स्टेशन पर पहुंची। तकरीबन एक घंटा स्टेशन को वहीं खड़ा कर रखा गया। जब वे लोग एसएस के पास गए, तो उसका जवाब था कि अभी ट्रेन को दो घंटा और खड़ा किया जाएगा। इस पर ट्रेन में सवार ज्यादातर यात्री थ्री व्हीलरों व अन्य साधनों से लुधियाना पहुंचने के लिए स्टेशन से बाहर निकले।
उनका आरोप है कि तभी ट्रेन का डाउन कर दिया गया। बड़ी मुश्किल से उन लोगों ने ड्राइवर की मिन्नतें कर ट्रेन रूकवाई और उसमें सवार हुए। लेकिन लुधियाना स्टेशन के आउटर पर आकर फिर ट्रेन को खड़ा कर दिया गया। दैनिक यात्रियों का कहना है कि जानबूझ कर पैसेंजर को लेट किया जाता है।
उधर, इस बारे में डीटीएम जीबी सिंह का कहना है कि प्लेटफार्म नंबर चार पर काम चल रहा है। इसलिए भी कुछ दिक्कत आ रही है। इसके लिए आला अधिकारियों से भी बात करेंगे। ताकि यात्रियों को होने वाली दिक्कत खत्म हो सके।



