राहुल की नई टीम के चुनाव में राव का छूटा पसीना
नई दिल्ली. बिहार में जंगलराज को खत्म कर निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव करा लोकतंत्र के इतिहास में हीरो बने केजे रॉव के कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की नई टीम का चुनाव कराने में पसीने छूट रहे हैं। राहुल के ड्रीम प्रोजेक्ट को जिस तरह से दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रनेता पलीता लगा रहे हैं उसे देखते हुए तो ऐसा होना लाजमी है।
जी हां, यहां कहीं बैलेट बॉक्स छीना जा रहा है तो कहीं चुनाव अधिकारी से हाथापाई। आलम यह है कि एक दो नहीं बल्कि 12 कॉलेजों के यूनिट चुनाव गड़बड़ियों के चलते रद्द कर दिए गए हैं। राव ने स्पष्ट कर दिया है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए अब डंडा मजबूती से चलाना होगा और इसके लिए सारी कहानी राहुल गांधी से बयां की जाएगी।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) व युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों का चुनाव सीधे लोकतांत्रिक ढंग से कराने में जुटे फाउंडेशन फॉर एडवांस मैनेजमेंट ऑफ इलेक्शन (फैम) के महासचिव व पूर्व चुनाव आयुक्त केजे राव ने गुरुवार को कई अहम बातों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह राहुल की टीम में शामिल होने के लिए देशभर में छात्रनेता साम, दाम, दंड, भेद का इस्तेमाल कर रहे है, फिर वह चाहे गुजरात में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता द्वारा बैलेट बॉक्स ले उड़ने का मामला हो या फिर चंडीगढ़ में ऐसे व्यक्ति का चुनाव मैदान में उतरना जो आपराधिक मामले में आरोपी था।
राव ने बताया कि केरल हो या गुजरात या फिर चंडीगढ़ सभी जगह हालात को नियंत्रित कर पारदर्शी चुनाव कराने की मुहिम में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की ओर से पूरा सहयोग मिला है और अब दिल्ली की बारी है। उन्हांेने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 नामचीन कॉलेजों के यूनिट चुनाव भी हिंसा, बाहरी तत्वों की संलिप्तता और संगठन के आलानेताओं के गैर जरूरी हस्तक्षेप के चलते रद्द कर दिए गए हैं। अब सारे मामले को सीधे राहुल गांधी के समक्ष पेश किया जाएगा और आगे की कार्रवाई अंजाम दी जाएगी।
होगी मजबूत डंडे की मांग : राहुल गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अब राव को भी लगने लगा है कि छात्रों के जंगलराज से निबटने के लिए मजबूत डंडे की जरूरत होगी। कार्रवाई मंे सख्ती लाने के विषय में भी राव अब आलाकमान से और अधिक अधिकार की मांग करने जा रहे हैं।
दोषियों को किया जाएगा बाहर : राव चुनाव प्रक्रिया में अपने सख्त रवैये के लिए पहचाने जाते हैं और यहां भी उन्होंने वही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में उत्पात मचाने वाले आरोपियों को अब संगठन में जगह बनाने का अवसर नहीं दिया जाएगा। इस बाबत वह राहुल गांधी से विशेष तौर पर मांग करेंगे।
राहुल के ड्रीम प्रोजेक्ट को बनाने के लिए राव मांगेंगे कुछ और अधिकार
राहुल के ड्रीम प्रोजेक्ट को जिस तरह से दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रनेता पलीता लगा रहे हैं। आलम यह है कि एक दो नहीं बल्कि 12 कॉलेजों के यूनिट चुनाव गड़बड़ियों के चलते रद्द कर दिए गए हैं। राव ने स्पष्ट कर दिया है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए अब डंडा मजबूती से चलाना होगा। राव ने इसके लिए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी कुछ अधिकार मांगने की तैयारी की है और अपनी मुलाकात के दौरान वह राहुल को इस बात की जानकारी दे देंगे।










