मानकों पर परखा जाएगा गिल चौक फ्लाईओवर निर्माण
लुधियाना. गिल चौक फ्लाईओवर निर्माण की क्वालिटी को परखने के लिए सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रोजेक्ट की निगरानी के लिए सरकार पहले ही थर्ड पार्टी क्वालिटी कंसल्टेंट नियुक्त कर चुकी है। अब स्थानीय निकाय विभाग (डीएलबी) ने इंडियन स्टैंडर्ड इंस्टीच्यूट (आईएसआई) की गाइडलाइन के मुताबिक कंसल्टेंट कंपनी को निर्माण परखने की हिदायतें जारी की हैं।
विभाग के चीफ इंजीनियर मनमोहन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि ऐसा कर सरकार निर्माण की क्वालिटी को लेकर कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं है। गिल चौक फ्लाईओवर निर्माण व निर्माणदायी कंपनी के खिलाफ कई बार अंगुली उठ चुकी है। जब मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था, उस दौरान उन्होंने भी क्वालिटी पर नजर रखने की हिदायत दी थीं।
उसके बाद से सरकारी एजेंसियों की निगाह फ्लाईओवर निर्माण पर लगी हुई है। खुद मुख्यमंत्री के तकनीकी सलाहकार निर्माण का जायजा ले चुके हैं। उस दौरान उन्हें निर्माण में लचरता मिली थी, जिस पर उन्होंने अधिकारियों व निर्माणदायी एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश जारी कर मानकों को पूरा करने के लिए कहा था। उसके बाद चीफ इंजीनियर ने भी प्रोजेक्ट का कई बार दौरा किया था।
कुछ दिन पहले ही प्रोजेक्ट के गिल चौक से प्रताप चौक को जाते अर्थफिल हिस्से में निर्माण ठीक न होने के कारण प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर रहे निगम इंजीनियर्स ने दीवार के स्लैब गिरवा दिए थे। इसकी जानकारी स्थानीय निकाय विभाग के पास भी पहुंची थी। अब माना जा रहा है कि सरकार अब किसी तरह की शिकायतों से बचना चहाती है, जिसकी वजह से यह कदम उठाया गया है।










