नकली नोट छापने वाले गिरोह का एक और साथी पुलिस गिरफ्त में
भादरा. नकली नोट छापने व चलाने वाले गिरोह के एक और सदस्य को भादरा पुलिस ने गुरुवार को हिसार के सेक्टर १६-१७ के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर बुधवार को भादरा में नकली नोटों के साथ गिरफ्तार मां-बेटे हरियाणा पुलिस के एएसआई की पत्नी व बेटे निकले।
भादरा थानाप्रभारी नंदराम भादू ने बताया कि बुधवार सांय भादरा के मुख्य बाजार में नकली नोटों के साथ गिरफ्तार मां-बेटे सुनिता और दीपक की निशानदेही पर भादरा पुलिस ने हिसार के सेक्टर १६-१७ के एक मकान पर छापा मारकर कृष्ण कुमार पुत्र खुशीराम जाट निवासी डाटा तहसील हांसी (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर पुलिस को नकली नोट छापने के कागज की १३ गड्डियां, कच्ची सामग्री, कंप्यूटर, स्कैनर, प्रिंटर व २ लाख १८ हजार रुपए भी मिले। बुधवार को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार मां-बेटे सुनिता व दीपक ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया कि वे भादरा केवल नकली नोट चलाने के उद्देश्य से ही आए थे। कृष्णकुमार पुत्र खुशीराम जाट नामक एक व्यक्ति ने उन्हें नोट बाजार में चलाने के लिए दिऐ थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।










