रेलवे ने बढ़ाई रात्रि पेट्रोलिंग
लुधियाना. सर्दी व कोहरे के मौसम में ट्रेन डिरेल होने का अंदेशा ज्यादा रहता है। कारण सर्दी के इस मौसम में रेलवे ट्रैक सिकुड़ने लगता है और उसमें दरार आ जाती है। इसे देखते हुए विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। रेलवे की ओर से ट्रैक पर रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। रेल अधिकारियों के मुताबिक ट्रैक सिकुड़ने की ज्यादातर घटनाएं रात के समय में ही होती है।
रात के समय कोहरे के कारण तापमान में गिरावट ही ट्रैक में दरार की मुख्य वजह बनती है। कभी कभार तो ट्रैक तीन इंच से ज्यादा तक सिकुड़ जाता है। जिससे ट्रेन के पटरी से उतरने का खतरा बढ़ा जाता है। इसलिए विभाग ने सर्दी के मौसम में रात को पेट्रोलिंग तेज कर दी है।
हर दो किलोमीटर पर एक गैंगमैन को ट्रैक चैक करने के आदेश दिए गए हैं। एईएन सुमित खजूरिया के मुताबिक ट्रैक सिकुड़ने या उसमें दरार आने का अभी तक तो ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। लेकिन एहतियात जरूरी है।










