साहब! रास्ता खुलवाओ 250 परिवार कैद में
खुरई. बलोप टपरा गांव से धर्मपुर जाने वाला मार्ग बंद हो जाने से लोग परेशान हो रहे हैं। वे रास्ता खुलवाने के लिए एक महीने से प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। गांव वालों ने एसडीएम सुदाम खांडे को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही गांव तक रास्ता बनाए जाने की मांग की है।
रामधार अहिवार का कहना है कि बलोप टपरा गांव में करीब 250 परिवार हैं। अभी तक एक निजी खेत से गांव पहुंचते थे लेकिन खेत मालिक ने इसे बंद कर दिया है। शासकीय जगह से तो रास्ता बन सकता है लेकिन उस जगह पर किसानों ने मेड़ बना ली हैं।
वंशी अहिरवार, हजारी अहिरवार का कहना है कि आने-जाने का रास्ता बंद होने से लोग गांव में ही कैद हो गए हैं। जैसे-तैसे खेत की मेड़ से निकलते हैं तो विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने बताया कि इस आशय का ज्ञापन तहसीलदार अविनाश रावत को भी सौंप चुके हैं।
जनपद सदस्य डॉ. लखन शर्मा का कहना है कि यह गांव हरिजन बहुल है। रास्ता बंद होने से पहले ही शासन को इसकी सूचना दी गई थी। उस समय पटवारी हड़ताल पर थे। तहसीलदार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था जो अभी तक नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि बस्ती में जाने का रास्ता नहीं बनाया गया तो किसी दिन बढ़ा विवाद हो सकता है। ज्ञापन सौंपने वालों में शंकर अहिरवार, खुमान अहिरवार, गोविंद अहिरवार, बल्ले अहिरवार, परम अहिरवार, राजू अहिरवार, दरोगा अहिरवार एवं रामदयाल आदि शामिल हैं।











