बुखार से युवक की मौत, स्वाइन फ्लू की आशंका
श्रीगंगानगर. बुखार से पीड़ित जवाहरनगर क्षेत्र के युवक ने बुधवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते बुधवार को उसका सैंपल लिया गया था, जो जांच के लिए मुंबई भेजा गया है।
एक-दो दिन में रिपोर्ट आने पर फ्लू होने अथवा नहीं होने की पुष्टि होगी। एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने गुरुवार सुबह उसके घर जाकर परिवार को फ्लू की दवा दी।
सीएमएचओ डा.बीएल मिश्रा ने बताया कि जवाहरनगर के पवन कुमार को बुधवार सुबह बुखार व सांस में तकलीफ के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने पर रैनबेक्सी लैब ने उसका सैंपल लेकर मुंबई लैब में भेजा था। शाम को मरीज की तबीयत बिगड़ने पर डाक्टरों ने उसे जयपुर अथवा चंडीगढ़ रैफर कर दिया।
रात को मरीज के परिजन उसे जयपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इस बीच उसकी तबीयत और बिगड़ गई। देर रात पवन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सीएमएचओ ने बताया कि पवन को बुधवार को ठंड लगने के साथ बुखार हुआ था। स्वाइन फ्लू के अलावा यही लक्षण डेंगू के भी हैं।
ऐसे में मुंबई से रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा कि मरीज को स्वाइन फ्लू था या डेंगू। उन्होंने बताया कि ब्लाक सीएमओ डा.सुरेश जैन व आईडीएसपी प्रभारी सचिन कुमार तथा डाक्टरों की टीम को रोगी के घर भेजकर उन्हें फ्लू की दवा दी गई है। परिजनों को निर्देश दिए हैं कि खांसी, जुकाम अथवा बुखार होने पर वे तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। अगले 24 घंटे तक उन्हें अधिकाधिक हाथ धोने व भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में नहीं जाने के लिए कहा गया है।










