बड़े स्टेशनों पर चौकस रहेंगे कमांडो
लुधियाना. मुंबई हमलों व लुधियाना स्टेशन पर हुई आतंकी मुठभेड़ के बाद फिरोजपुर डिवीजन के चार बड़े स्टेशनों पर कमांडो तैनात किए जा रहे हैं। जो आतंकवाद से लोहा लेने में पूरी तरह से सक्षम होंगे। प्रारंभिक चरण में लुधियाना, जालंधर, अमृतसर व जम्मू स्टेशनों पर इन कमांडोज की तैनाती की जा रही है। आने वाले कुछ दिनों में आधुनिक हथियारों से लैस ये कमांडो स्टेशन पर तैनात कर दिए जाएंगे।
इस बात का खुलासा लुधियाना स्टेशन के निरीक्षण पर आए रेलवे पुलिस(जीआरपी) के आईजी परमजीत सिंह सराओ ने किया। स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए आईजी ने कहा कि स्टेशनों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी पूरी तरह गंभीर है। अचानक होने वाले आतंकी हमलों से निपटने के लिए ही ये कदम उठाया गया है।
प्रारंभिक चरण में इन स्टेशनों पर मोर्चे लगाने के साथ9साथ हर स्टेशन पर 696 कमांडों की तैनाती की गई है। इन कमांडोज को एनएसजी की तर्ज पर ही ट्रेनिंग दी गई है। इन कमांडोज को बुलेट प्रूफ जैकेट व अत्याधुनिक हथियार मुहैया कराए गए हैं। स्टेशनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रोजेक्ट बारे आईजी ने कहा कि इसका भी प्रोपोजल रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है।
मौजूदा समय में नक्सली क्षेत्रों में स्टेशनों पर हो रहे हमलों के कारण ही यहां विलंब हो रहा है। आने वाले समय में यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए जाएंगे। आईजी ने ये भी कहा कि आने वाले समय में फोर्स को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया जाएगा। विभाग ने इनसास राइफलों के लिए प्रोपोजल बनाकर भेज दिया है।
मौजूदा समय में कारबाइन व एलएमजी हथियार ही उपलब्ध कराए गए हैं। जीआरपी के पास वाहनों की कमी के बारे में आईजी ने कहा कि ये प्रोपोजल भेजा गया है। अभी हाल में ही पंजाब के कुछ जीआरपी थानों को गश्त के लिए आठ मोटरसाइकिल उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले समय में वाहनों की गिनती बढ़ाई जाएगी।










