स्वास्थ्य विभाग की टीम का छापा
हिसार. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार शाम जैन गली स्थित शिवम मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा और पांच तरह की अंग्रेजी दवाओं के सैंपल लिए। टीम ने वहां से टीकों के सात डिब्बे जब्त किए।
सीनियर ड्रग कंट्रोलर नरेंद्र आहूजा और ड्रग कंट्रोलर आदर्श गोयल की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर जैन गली स्थित शिवम मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा और पांच तरह की अंग्रेजी दवाओं के सैंपल लिए। टीम ने सात डिब्बे कुत्ता काटने पर लगाए जाने वाले टीकों के बरामद किए। टीम ने इस बारे में एजेंसी मालिक संदीप कुमार से भी पूछताछ की।
सीनियर ड्रग कंट्रोलर नरेंद्र आहूजा ने बताया कि टीकों की जांच की जा रही है। इस बारे में एजेंसी मालिक के खिलाफ अदालत में ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मामला दायर किया जाएगा। विदित रहे कि टीम ने बुधवार को भी पड़ाव चौक स्थित मलिक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कार्यालय में छापा मारकर एक लाख रुपए से ज्यादा कीमत की दवाओं के सैंपल जब्त किए थे। टीम ने ऋषिनगर स्थित नवीन मेडिकल हाल के संचालक नवीन कुमार को उस समय धर दबोचा था, जब वह दवाओं की डिलीवरी लेने आया था।
शहर में एकाएक स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू किए गए छापामार अभियान से दवा विक्रेताओं में हड़कंप है। लगातार दूसरे दिन विभाग के आला अधिकारियों की इस कार्रवाई के बाद नकली दवाओं का अवैध कोरबार करने वाले सतर्क हो गए हैं। उधर अधिकारियों का कहना है कि शहर में नकली दवाओं के बारे में लगातार शिकायतें भी मिल रही थीं।










