फिर टली नप की बैठक
हिसार. नगर परिषद में शुक्रवार को होने वाली आम सभा की बैठक स्थगित कर दी गई है। आम सभा की बैठक एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद होने जा रही थी। अब यह बैठक दोबारा कब होगी, तय नहीं हुआ है। बैठक परिषद के प्रधान बिहारी लाल राड़ा ने स्थगित की है।
राड़ा का कहना है कि जरूरी काम से शहर के बाहर होने के कारण उन्होंने बैठक स्थगित की है। उधर चर्चा है कि टेंडर घोटाले में हाईकोर्ट की तरफ से राड़ा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करके गिरफ्तारी के आदेश देने के कारण इस बैठक को राड़ा ने गिरफ्तारी के डर से स्थगित किया है। शुक्रवार को नगर परिषद की आम सभा की बैठक होनी थी। इसमें नगर परिषद से जुड़े कई अहम निर्णय लिए जाने थे।
वैसे भी आमसभा की बैठक लगभग 14 महीनों के बाद होने जा रही थी। इससे पहले बैठक पिछले साल सितंबर माह में हुई थी। शुक्रवार की बैठक के लिए सभी पार्षदों को एजेंडे की प्रति दे दी गई थी। गुरुवार को परिषद के प्रधान राड़ा ने सचिव को पत्र लिखकर बैठक स्थगित करने के लिए कह दिया। बैठक में कई महीनों के दौरान धारा 35 के अंतर्गत कराए गए सवा सौ के करीब विकास कार्र्यो, व्यवसायिक व रिहायशी नक्शों तथा अन्य कई कार्र्यो को मंजूरी के लिए पेश किया जाना था।










