हर रोज देते थे नई वारदात को अंजाम
लुधियाना. शराब का नशा चढ़ते ही पांचों दोस्त हैवान बन जाते थे। पांचों अलग-अलग मोटरसाइकिलों से शिकार की तलाश में निकल पड़ते थे। सड़क पर अकेले जाते मजदूर को देखकर वे उसे घेर लेते। आरोपी उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार करते और उसके जमीन पर गिरते ही जेबें टटोल कर जितने भी रुपए निकलें ले कर फरार हो जाते थे।
आरोपियों की हैवानियत का शिकार एक मजदूर मनोज कुमार पीजीआई अस्पताल में दम तोड़ चुका है। एक अन्य मजदूर राजिंदर कुमार जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके नाम गांव रानियां निवासी अवतार सिंह उर्फ तारी, हरदेव सिंह, सालू भैणी निवासी इकबाल सिंह उर्फ पाली, गाही भैणी अमरजोत सिंह उर्फ जोती हैं।
इनका एक साथी गांव सालू भैणी निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी अभी फरार है। पांचों दोस्त 22 से 25 वर्ष आयु वर्ग के हैं व बेरोजगार हैं। ये ज्यादा पढ़े लिखे भी नहीं हैं और शराब के आदी हैं। अमरजीत सिंह उर्फ जोती का पिता गुरदीप सिंह विदेश में बसा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड, चार मोबाइल, मजदूरों के पहचान पत्र और कुछ शिनाख्ती कार्ड बरामद हुए हैं।
एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल के अनुसार आरोपियों ने करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। एसएसपी के अनुसार थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने आरोपियों को यार्ड चौक के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में माना कि उन्होंने गत 11 नवंबर को फैक्ट्री से छुट्टी करके वापस लौट रहे मजदूरों को घेर शारू स्टील रोड के पास रोक कर लूटपाट की थी।
आरोपियों ने मनोज नामक मजदूर के सिर में लोहे की रॉड से वार किए थे। घायल मजदूर ने गत 13 नवंबर को पीजीआई में दम तोड़ दिया था। 13 नवंबर की रात आरोपियों ने लगभग साढ़े नौ बजे रॉकमैन फैक्ट्री के पास दो मजदूरों को रोक कर लूट की थी। आरोपियों ने इनके सिर पर भी लोहे की रॉड से वार किए थे। दोनों मजदूर सीएमसी अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी शराब पीने के आदी हैं और नशे के ही वारदातों को अंजाम देते हैं।










