फार्म की कीमत अब दोगुना
ग्वालियर. जीवाजी यूनिवर्सिटी ने परीक्षा संचालन के नाम पर परीक्षा फॉर्म की कीमत में लगभग दोगुना की बढ़ोतरी कर दी है। अब नियमित परीक्षार्थियों को वर्ष 2009-2010 की परीक्षा के लिए 210 रुपए में फार्म खरीदना पड़ेगा जबकि पहले इसकी कीमत 110 रुपये थी।
कई सालों से जेयू ने परीक्षा व परीक्षा फार्म के शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की है। इस साल यानी 2009-10 की 103 कोसोर्ं की मुख्य परीक्षाओं का शुल्क तो पहले की ही तरह रहेगा लेकिन परीक्षा फार्म की कीमत लगभग दोगुनी बढ़ा दी गई है।
जेयू का तर्क है कि परीक्षा फॉर्म, एडमिशन फार्म, आंतरिक एवं बाह्रा अंक आदि काम ऑनलाइन कर दिए गए हैं। ऑनलाइन व्यवस्था के तहत परीक्षा संचालन के नाम पर फार्मों की कीमत में सौ रुपए की वृद्धि कर दी गई है। इस तरह फार्म की कीमत 210 रुपये हो गई है।
खास बात तो यह है कि परीक्षा के दौरान तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों पर भी प्रति छात्र 10 रुपये इसी बढ़े हुए फार्म शुल्क में से व्यय किया जाएगा।










