छात्रा की मौत, हड़कंप
सीकर. सीकर व झुंझुनूं जिले में गुरुवार को दो मौत से चिकित्सा महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि दोनों ही मामलों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं है। फतेहपुर इलाके के गांव चुवास की चौदह वर्षीया छात्रा वीणा पुत्री संतोष को सीवीयर एनीमिया था, जो पिछले 20 दिन से बीमार थीं।
सीएमएचओ डा. आरके मीणा ने बताया कि वीणा का फतेहपुर के गौड़ अस्पताल में इलाज चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उसे दोपहर में सीकर रैफर किया गया, लेकिन एसके अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
डॉक्टर्स की जांच में महज तीन मिलीग्राम हिमोग्लोबिन मिला, जो बेहद खतरनाक स्टेज होती है। प्रारंभिक तौर उसमें स्वाइन फ्लू के कोई लक्षण नहीं पाए गए। इसी तरह बड़ागांव के 13 साल के बच्चे उदयसिंह राठौड़(बंटी) की गुरुवार को जयपुर के सोनी अस्पताल में मृत्यु हो गई।
मृत्यु स्वाइन फ्लू से ही हुई या किसी और बीमारी से, यह डायग्नोस नहीं हुआ। सीएमएचओ डॉ. आरबीसिंह ने बताया सोनी अस्पताल प्रबंधन ने बच्चे को वायरल बताया। मगर अस्पताल ने उसका ब्लड टेस्ट नहीं किया, इसलिए स्वाइन फ्लू से मृत्यु की पुष्टि नहीं की जा सकती।










