चूरू में भी फैला स्वाइन फ्लू
चूरू. शेखावाटी में पांव पसार चुके संक्रामक रोग स्वाइन फ्लू ने चूरू में दस्तक दे दी है। स्वाइन फ्लू की आशंका से राजकीय भरतिया अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाए गए ऋषिकुल ब्रचर्याश्रम के नौ में से दो बच्चों को जांच के बाद स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
विगत 13 नवंबर को आश्रम के विद्यार्थियों को सर्दी, जुकाम-बुखार होने की सूचना मिलने पर भरतिया अस्पताल की टीम ने सभी अध्ययन रत 124 बच्चों की स्क्रीनिंग की, जिसमें से 41 बच्चों के सर्दी-जुकाम बुखार के लक्षण पाए गए। नौ विद्यार्थियों को स्वाइन फ्लू की आशंका से अस्पताल में स्थापित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर ईलाज शुरू किया गया।
गंभीर बीमार तीन विद्यार्थियों के स्वाब के सैंपल जांच के लिए जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में भिजवाए गए। जांच के बाद तीन में से दो बच्चों नितिन व गजानंद में स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव लक्षण पाए गए। गुरुवार देर शाम को आश्रम प्रतिनिधियों, पीएमओ डा. सीएल गहलोत व सीएमएचओ डा. विजय जिंदल के साथ हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर डा. केके पाठक ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
दो बच्चों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने के बाद कलेक्टर ने डाक्टर्स को सभी बच्चों की दुबारा स्क्रीनिंग करने व स्वस्थ विद्यार्थियों को उनके घर भिजवाने के निर्देश दे दिए। बाकी बीमार बच्चों को स्वाइन फ्लू की संभावना अवधि से बाहर निकलने और पूर्णतया स्वस्थ होने के बाद घर भिजवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।










