पुलिस बनकर लूटने वाली टोली फिर सक्रिय
भिलाई. ट्विनसिटी में पुलिस बनकर लूटने वाली टोली एक बार फिर सक्रिय हो गई है। दो महीने तक शांत रहने के बाद इस टोली ने एक बार फिर अपने ही अंदाज में महिलाओं को लूटने की घटना को अंजाम देना शुरू कर दिया है।
बुधवार के बाद गुरुवार को भी उन्होंने दो अलग-अलग स्थानों पर अपने को पुलिसकर्मी बताकर महिलाओं को लूट लिया। इसी तरह की वारदात दो महीने पूर्व सेक्टर-5, सेक्टर-2 व अंडरब्रिज के पास भी हो चुकी है। पर पकड़े नहीं जाने से उनके हौसले बुलंद है।
पद्मनाभपुर चौकी से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोपहर सवा 12 बजे पालीटेक्निक कालेज के पास घर जा रही दीपक नगर निवासी पुन्नीबाई अग्रवाल (55) पति इंद्रकुमार लूट का शिकार हो गई। पुन्नी बाई को पालीटेक्निक कालेज के पास पीछे से पैदल आए दो युवकों ने रोका और अपना परिचय पत्र दिखाते हुए पुलिस कर्मी बताया। उन युवकों ने महिला से कहा कि पास में ही सरिता देवी पर चाकू से हमला हो गया।
जेवर पहनकर जाने पर रोक लगा दी गई है। वे चेकिंग पर निकले हैं, आप अपना जेवर उतारकर दे दे। पुन्नी बाई ने दो तोला सोने की चैन कीमत 20 हजार व हाथ में पहने बेनटेक्स की चुड़ियां निकालकर उन युवकों को दिए तो उनमें से एक ने उसे कागज में लपेटा। इस दौरान एक युवक उसे बातों में उलझाए रखा और जिस युवक ने कागज में उसके जेवर लपेटे थे, पुड़िया बनाकर उसे दे दिया। इसके बाद दोनों युवक वहां से चलते बने। महिला को थोड़ी देर बाद उसे शंका हुई और पुड़िया खोलकर देखा तो उसमें सोने की चैन नहीं थी।
आरोपियों के खिलाफ पद्मनाभपुर चौकी में भादवि की धारा 420, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसी तरह की घटना गुरुवार को सेक्टर-2 और सेक्टर-4 के बीच चौक में दोपहर एक से सवा बजे के बीच हुई। सेक्टर-1, सड़क 22 मकान नं. 1 बी निवासी एनबी लक्ष्मी (46) पति एन नागेश्वर राव सेक्टर-4 से घर की ओर लौट रही थी। सेक्टर-2, सेक्टर-4 के बीच चौक में वह आटो का इंतजार कर रही थी। तभी एक अज्ञात युवक उसके पास आया और कहने लगा कि कोई आपको बुला रहा है।
उसके बताए दिशा में जाने के बाद कुछ दूरी पर एक और अज्ञात युवक खड़ा दिखाई दिया। उसने अपना परिचय पुलिस अधिकारी के रूप में दिया और कहने लगा कि क्षेत्र में लूट की काफी घटनाएं हो रही है। इसलिए वे अपने जेवरों को उतारकर पास में रख लें। एनबी लक्ष्मी जेवर उतारकर अपने पास रखती उसके पहले ही उन दो में से एक युवक ने जेवर ले लिए और कागज में रख पुड़िया बनाने लगा।
इसी बीच दूसरा युवक ने उसे बातों में उलझा रखा। बात खत्म होने के बाद युवक ने पुड़िया उसे दे दिया और दोनों चलते बने। वह आटो पकड़कर सेक्टर-1 स्थित अपने निवास आ गई। घर पहुंचकर पुड़िया को खोलकर देखा तो सोने का मंगलसूत्र व तीन नग चुड़ी जिसकी कीमत 35 हजार रुपए थी, उसमें नहीं थे।










