शेखावाटी में सर्दी तेज
जयपुर/सीकर. प्रदेश में सर्दी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को राज्य के अधिकांश इलाकों के तापमान में गिरावट हुई तथा कई क्षेत्रों में सर्दी के तीखे तेवर रहे वहीं कई इलाके कोहरे की चपेट में रहे। माउंट आबू में रात्रि में तेज सर्दी शुरू हो गई है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान चूरू का 7.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ पिलानी में रात्रि का तापमान 9.1 डिग्री तथा राजधानी में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी में दिनभर सर्दी का असर तेज रहा। यहां रात्रि का तापमान 13.7 डिग्री से घटकर 10.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात्रि में सर्दी के तेवर तेज हुए हैं वहीं दिन में भी ठिठुरन बढ़ने लगी है। चूरू में रात्रि का तापमान 7.1 डिग्री होने से दिन में सर्दी का असर तेज रहा। दिन का तापमान 25.7 डिग्री हो गया। झुंझुनूं में कोहरा छाया तथा रात्रि का तापमान 9.1 डिग्री होने से तीखी सर्दी शुरू हो गई है।
अजमेर में रात्रि का तापमान 11.8 डिग्री होने से दिनभर लोगों ने सर्दी का अहसास किया। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। जैसलमेर में दिन का तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस व रात्रि का तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। श्रीगंगानगर में ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
अलवर में गुरुवार को तापमान में गिरावट आई। सुबह तेज सर्दी रही। दोपहर में मौसम सामान्य रहा। शाम को फिर तेज सर्दी हो गई। अधिकतम तापमान २९.५ डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान १३ डिग्री सेल्सियस रहा। जोधपुर संभाग में सर्दी जोर पकड़ती जा रही है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में ढाई अंक से अधिक की गिरावट होने से सर्दी का असर बढ़ गया।
रात के समय तो अब कंपकंपी छूटने लगी है। हाड़ौती अंचल में दिन में भी ठंडी हवाओं का जोर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को दिन की शुरुआत तेज सर्द हवाओं के साथ हुई। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा, आद्रता सुबह 81 व शाम को 35 प्रतिशत रही।










