नीमकाथाना सीआई व थोई एसएचओ पर मुकदमा
कांवट (सीकर). इलाके के गांव घसीपुरा में घर में घुसकर महिलाओं से अभद्र व्यवहार व मारपीट के मामले में सीआई, एसएचओ व दर्जनभर कांस्टेबल के खिलाफ मारपीट व अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने नीमकाथाना सीआई व थोई एसएचओ को सीकर बुला लिया है। डीएसपी से दो दिन में जांच रिपोर्ट नहीं मिलने तक दोनों सीकर पुलिस लाइन में रहेंगे।
बुधवार देर रात घर पहुंचे ग्रामीण गुरुवार सुबह फिर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने पहुंच गए। निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। इसी बीच विधायक अमराराम, बंशीधर बाजिया, पूर्व विधायक प्रेमसिंह बाजौर, पंचायत समिति प्रधान झाबरसिंह खर्रा सहित कई जनप्रतिनिधि वहां पहुंच गए।
इन्होंने पीड़ित परिवार का समर्थन करते हुए महिलाओं से र्दुव्यवहार की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले को बढ़ता देख दोपहर में डीएसपी दिलीप सैनी, एसडीएम श्रीमाधोपुर राधेप्रतापसिंह ने एसपी व कलेक्टर से बातचीत की।
आखिरकार एसपी ने सीआई गोकुलसिंह व एसएचओ हरिश भारती के खिलाफ कार्रवाई की बात कही, तब जनप्रतिनिधि व ग्रामीण वहां से हटे। मामले में सुभाष खोखर के भाई रामावतार पुत्र बालूराम निवासी घसीपुरा ने सीआई गोकुलसिंह, एसएचओ हरिश भारती व अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मारपीट, अपहरण का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
एसपी ने मामले की जांच डीएसपी नीमकाथाना दिलीप सैनी को सौंपकर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है। इधर, डीएसपी दिलीप सैनी ने बताया कि सीआई व एसएचओ के खिलाफ मुकदमा भी हुआ है। तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी।










