लापरवाही बरतने वाले अफसरों की खैर नहीं
सोनीपत. राजस्व मंत्री शिवचरण शर्मा ने गुरुवार को लोग निर्माण विश्राम गृह में जिले के अधिकारियों की मीटिंग ली। मीटिंग में उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि लापरवाही बरतने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। इसलिए जनता की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के कुशल नेतृत्व में हरियाणा को देश में विकास की अलग पहचान दी जायेगी और हर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करवाया जायेगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार द्वारा घोषित विकास कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें ताकि अन्य दूसरे विकास कार्यों पर भी काम शुरू करवाया जा सके । वे जनता की दिक्कत को अपनी व्यक्तिगत दिक्कत समझकर उसका अविलम्ब समाधान करें। उन्होंने कहा कि सरकार अतिशीघ्र ही रजिस्ट्री का इंतकाल दर्ज होने के बाद रजिस्ट्री देने की प्रणाली लागू कर रही है।
इस प्रणाली के लागू होने से लोगों को अपने इंतकाल दर्ज करवाने में किसी प्रकार की भी दिक्कत नहीं आएगी। जनता पर किसी प्रकार के नये कर का भी बोझ नहीं डाला जायेगा। उन्होंने जिला के उच्च अधिकारियों की कार्य प्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार से भविष्य में भी विकास कार्यों पर मेहनत एवं लग्न से कार्य करेंगे।
डीसी अजीत बालाजी जोशी ने राजस्व मंत्री को जिला प्रशासन की ओर से विश्वास दिलाते हुए कहा कि जनता की हर सुख-सुविधा का प्राथमिकता के आधार पर ख्याल रखा जायेगा और उनकी कोई भी दिक्कत उनकी अपनी दिक्कत होगी। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त बलराज सिंह मोर, नगराधीश यशपाल यादव सहित जिले के सभी विभागाध्यक्ष की बैठक में उपस्थित थे।










