‘दृढ़ इच्छा शक्ति की धनी थी इंदिरा’
अलवर. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती गुरुवार को जिलेभर में मनाई गई। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य व पूर्व विधायक कृष्ण मुरारी गंगावत की अध्यक्षता में एक विचार गोष्ठी हुई।
गंगावत ने उपस्थित कांग्रेस जनों से उनके जीवन दर्शन के बारे में बताते हुए कहा कि वे अपनी दूरदर्शी सोच और दृढ़ता के कारण दुनियाभर में अमिट छाप छोड़ गई। पूर्व विधायक जुबेर खां ने कहा कि इंदिरा गांधी अपनी सच्ची राष्ट्रभक्ति के कारण हमेशा देश के दिलों में धड़कन बनकर जीवित रहेंगी।
जिला प्रवक्ता अजीत यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री को देश में समाजवाद के विचार को धरातल पर लाने के लिए अग्रणी नेता बताया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री गोपाल खटीक, शहर अध्यक्ष रूपनारनायण शर्मा, मास्टर हरीराम शर्मा, राजेश्वर शर्मा, सगुन शर्मा, शालू मल्होत्रा, रेखा चौधरी आदि उपस्थित थे।
अलवर जिला कच्ची बस्ती विकास समिति की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर हजूरी गेट स्थित हरिजन बस्ती में विचार गोष्ठी हुई। वरिष्ठ कांग्रेसी कैलाश मेठी ने पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए युवाओं को कड़ी मेहनत के नारे की याद दिलाई। अशोक नंदा, राकेश शर्मा आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
राजीव गांधी कांग्रेस बाल सेवादल केंद्र की ओर से सूर्य नगर में इंदिरा गांधी की जयंती मनाई और उनके आदर्शो को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रशिक्षक अशोक डाबला, प्रवक्ता कुलदीप माथुर, प्रेमवती गुप्ता, रामबाबू शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए।
राजकीय महाविद्यालय गोविंदगढ़ में इंदिरा गांधी की जयंती, राष्ट्रीय एकता दिवस और कौमी एकता सप्ताह मनाया गया। प्राचार्य डॉ. यशोदा मीणा ने बताया कि इस दौरान युवा विकास केंद्र के समन्वयक वीरेंद्र जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षा उपनिदेशक मूलचंद मीणा ने विद्यार्थियों को पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़े प्रेरक प्रसंगों से अवगत कराया। इस अवसर पर लोकेश भट्ट ने समय प्रबंधन के बारे में जानकारी दी।










