Friday, Nov 20th, 2009, 9:03 am [IST]  

danik bhaskarअजमेर जिले के शहरी स्कूल 29 तक बंद

भास्कर न्यूज

अजमेर. स्वाइन फ्लू के मद्देनजर अब जिलेभर के शहरी क्षेत्रों के स्कूलों व कोचिंग सेंटरों में 29 नवंबर तक बच्चों का अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस अवधि में शिक्षक यथावत ड्यूटी देंगे और प्रशासनिक कार्य निपटाएंगे। जिले में स्वाइन फ्लू लगातार बढ़ रहा है।



स्कूली बच्चों में तेजी से प्रकोप फैलने के कारण प्रशासन के आदेशानुसार अजमेर शहर के स्कूल भी अब 21 की बजाय 29 नवंबर तक बंद रहेंगे। यह आदेश अब कोचिंग सेंटरों पर भी लागू किया गया है। गौरतलब है कि प्रशासन ने पहले केवल अजमेर शहर के स्कूल 21 नवंबर तक बंद रखने के आदेश दिए थे।



पांच संदिग्ध और मिले
अजमेरx जिले में गुरुवार को स्वाइन फ्लू बी 1 श्रेणी के 5 संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई। इसमें 3 अजमेर और 2 ब्यावर के हैं। गुरुवार को अजमेर में ए श्रेणी में 14 मरीज मिले। इन सभी को एहतियातन निगरानी में रखा गया है। साथ ही दवाएं देकर घर में ही आइसोलेट किया गया है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार जेएलएन अस्पताल में गुरुवार को 3 लोगों तथा ब्यावर के अमृतकौर अस्पताल में 2 लोगों को स्वाइन फ्लू बी 1 श्रेणी का संदिग्ध माना गया। इन्हें घर पर आइसोलेट कर 48 घंटे की निगरानी में रखा गया है। साथ ही घर से नहीं निकलने की सख्त हिदायत दी गई है। जेएलएन अस्पताल में ही 14 लोगों को ए श्रेणी का संदिग्ध माना गया। इन्हें भी निगरानी में रखा गया है।



जिले में अब तक 15 लोग पॉजिटिव
चिकित्सा विभाग की ओर से जिला प्रशासन को गुरुवार को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अगस्त से अब तक स्वाइन फ्लू के 99 संदिग्ध रोगी मिल चुके हैं। इनमें पॉजिटिव पाए गए 15 लोगों में से एक की मौत हो चुकी है।



दो संदिग्ध मरीज भी मौत के शिकार हो चुके हैं। कुल 99 संदिग्धों में 60 मरीज बी 1 व बी 2 श्रेणी के हैं। इन्हें टेमी फ्लू देकर निगरानी में रखा गया। सी श्रेणी के गंभीर स्वाइन फ्लू पीड़ित 39 लोगों के स्वाब व कल्चर के नमूने लिए गए। इनमें 15 लोग पॉजिटिव पाए गए।



इनमें मेयो गल्र्स स्कूल की 10 छात्राएं शामिल हैं। सबसे पहला पॉजिटिव रोगी वासुदेव 10 अगस्त को किशनगढ़ में मिला था। चार मरीजों की रिपोर्ट मिलनी बाकी है। इधर, संदिग्ध मरीज आरती व राइना की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: