तैयार किया कचरा प्रबंधन प्रोजेक्ट
उज्जैन. डाइट की छात्रा कृति उपाध्याय ने कचरा प्रबंधन प्रोजेक्ट का मॉडल विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत कर दैनिक भास्कर के आओ सारे, नगर संवारें अभियान को सार्थकता दी है। उनका मानना है कि सफाई और स्वच्छता जनस्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। इसमें नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
पीजीबीटी कॉलेज परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में सफाई और स्वच्छता के लिए कचरा प्रबंधन का प्रोजेक्ट शामिल होने से यह स्पष्ट हो गया है कि अब शिक्षण संस्थाएं सफाई व्यवस्था को लेकर जाग्रत हो गई हैं। विद्यार्थियों में भी इस मुद्दे पर जागरूकता आ रही है।
विज्ञान प्रदर्शनी में प्रोजेक्ट के साथ दैनिक भास्कर की कटिंग भी प्रदर्शित की गई। कृति उपाध्याय ने भास्कर से कहा कि कचरा प्रबंधन के लिए सभी नागरिक सहयोग करेंगे तो नगर को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखा जा सकता है। प्रदर्शनी देखने आए छात्र-छात्राओं ने भी कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी प्रोजेक्ट के माध्यम से ली।
महिला मंडल का संकल्प: अग्रवाल महिला मंडल ने भास्कर के आओ सारे-नगर संवारें अभियान के तहत गुरुवार को संकल्प लिया। महिला मंडल की सदस्यों ने अभियान में भागीदारी करते हुए अग्रवाल समाज के सभी घरों में कचरा एकत्र करने लिए डस्टबिन रखने, कचरे को नियत स्थान पर डालने, कॉलोनियों व बस्तियों में घरों से कचरा एकत्र करने की व्यवस्था में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
मंगलनाथ रोड स्थित रसरंजन गार्डन में मंडल की बैठक में संयोजिका राजरानी सिंघल, अध्यक्ष उषाकिरण बजाज, सरोज अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, हेमलता गुप्ता, संध्या ऐरन, बिंदु गर्ग, स्नेहलता गर्ग, ऋतु अग्रवाल, संजना अग्रवाल, मधु गोयल, लता अग्रवाल व अन्य महिलाओं ने सफाई-स्वच्छता अभियान पर विचार किया।










